सतना में सरकारी विभागों पर बिजली बिल का भारी-भरकम बोझ, 1.23 अरब बकाया, लापरवाही बनी बड़ी वजह
सतना: सरकारी विभाग पर 1.23 अरब का बिजली बिल बकाया
MP News (सतना से प्रशांत सिंह परिहार की रिपोर्ट): मध्य प्रदेश के सतना जिले में सरकारी विभागों पर बिजली कंपनी का 1 अरब 23 करोड़ 84 लाख रुपये का भारी बिजली बिल बकाया है. लंबे समय से जमा नहीं हो रहे, इस बिल ने अब बड़ी चिंता खड़ी कर दी है. खास बात यह है कि यह बकाया लगातार बढ़ता जा रहा है.
बड़ी लापरवाही आई सामने
सरकारी दफ्तरों में बिजली के उपयोग को लेकर गंभीर लापरवाही बरती जा रही है. अधिकारियों के आने से पहले ही उनके चेंबर में एसी, पंखे और लाइट चालू कर दिए जाते हैं, जबकि उनके आने का कोई तय समय नहीं होता है. कई बार घंटे भर तक कमरे खाली रहते हैं लेकिन बिजली उपकरण लगातार चलते रहते हैं. इस तरह की अनदेखी और फिजूल खर्ची बिजली बिल बढ़ने की बड़ी वजह बन रही है.
तीन महीने तक का बिल बकाया
एक ओर सरकारी विभाग करोड़ों का बिल बकाया रखे हुए हैं, वहीं दूसरी ओर आम उपभोक्ताओं पर सख्त कार्रवाई की जा रही है. बिजली विभाग द्वारा 2 से 3 महीने तक बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ कुर्की जैसी कार्रवाई की जाती है. उनके घरों से सामान, पानी की मोटर और यहां तक कि मोटरसाइकिल तक जब्त कर ली जाती है. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब खुद सरकारी विभाग ही बिजली बिल नहीं चुका रहे हैं, तो आम जनता पर सख्ती क्यों? अब देखना होगा कि प्रशासन इस बढ़ते बकाया पर क्या कदम उठाता है और जिम्मेदारों पर कोई कार्रवाई होती है या नहीं.
ये भी पढ़ें: विदिशा में ‘नहर चोरी’! दस्तावेजों में केवल नाम, जमीन पर खड़ी कंक्रीट की इमारतें, जानें क्या है मामला