पुलिस जांच में 12 साल 7 महीने की निकली दुल्हन, परिजन 14 की बता कर रहे थे विवाह, जानें पूरा मामला
पुलिस ने रोकी नाबालिग की शादी
Shivpuri Child Marriage: शिवपुरी के सुभाषपुरा थाने के ग्राम गुनाया से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां पर परिजन महज 12 साल की मासूम का विवाह करने जा रहे थे जैसे ही ये मामला पुलिस तक पहुंचा, पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर शादी रुकवा दी. प्रशासनिक टीम ने शनिवार को गांव पहुंचकर बच्ची के माता-पिता को समझा कर इस विवाह को निरस्त करने की बात कहीं.
कलोथरा के ग्राम गुनाया का मामला
दरअसल ग्राम पंचायत कलोथरा के ग्राम गुनाया में एक 14 साल की बच्ची का उसकी मर्जी के बिना जबरन विवाह किए जाने की सूचना प्रशासनिक अमले को मिली. इसके बाद जिला कार्यक्रम अधिकारी धीरेंद्र सिंह जादौन ने परियोजना अधिकारी अमित यादव, पर्यवेक्षक मंजू धाकड़, किरण झा को थाना प्रभारी सुभाषपुरा राजीव दुबे एवं पुलिस टीम के साथ गुनाया मौके पर भेजा.
प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तो…
जब प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तो वहां पर शादी की रस्में चल रही थी, इसके साथ ही पूरा परिवार 19 अप्रैल यानी कि आज होने वाली शादी की तैयारियों में व्यस्त था. टीम ने जब नाबालिग बच्ची से पूछताछ की और दस्तावेज चेक किए तो दुल्हन की उम्र 12 साल 7 महीने निकली.
प्रशासन ने परिजनों के समझाया
प्रशासन ने परिजनों के समझाया कि 18 की उम्र से पहले बच्ची की शादी नहीं कर सकते और अगर वह चोरी-छिपे बच्ची की शादी कर भी देंगे और इसकी जानकारी प्रशासन तक पहुंची तो उनके खिलाफ बाल विवाह अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है. इस पर बच्ची के स्वजनों ने लिखित में आश्वासन दिया है कि वह बेटी की शादी 18 साल की होने पर ही करेंगे.
ग्वालियर से आने वाली थी बारात
जानकारी के मुताबिक बच्ची की शादी के लिए बारात ग्वालियर के तिघरा से आने वाली थी. ऐसे में उन्होंने ग्वालियर में संबंधित अधिकारियों को इस बाल विवाह की जानकारी दे दी है. यादव के अनुसार ग्वालियर की टीम ने लड़के वालों के घर पहुंचकर समझाइश देते हुए उन्हें बताया कि लड़की की उम्र महज 12 साल है. ऐसे में यह शादी संभव नहीं है. इस पर लड़के वालों ने भी शादी न करने के सहमति जताई है.
ये भी पढे़ं: ठगी का ऐसा तरीका! एप्पल के प्रोडक्ट ऑनलाइन मंगाते थे, फिर नकली सामान भर देते थे; लगाया लाखों का चूना