MP News: UPSC में मध्य प्रदेश का रिकॉर्ड प्रदर्शन, 61 उम्मीदवारों का हुआ चयन, आज सीएम मोहन यादव करेंगे संवाद

MP News: UPSC में देशभर से चयनित 958 उम्मीदवारों में से 61 अभ्यर्थी मध्य प्रदेश के हैं, जो राज्य के इतिहास में सबसे अधिक है.
UPSC

UPSC में एमपी के 61 उम्मीदवारों का चयन

MP News: संघ लोकसेवा आयोग (UPSC) के ताजा परिणामों में मध्यप्रदेश ने अब तक का सबसे शानदार प्रदर्शन दर्ज किया है. इस बार देशभर में चयनित 958 उम्मीदवारों में से 61 अभ्यर्थी मध्य प्रदेश के हैं, जो राज्य के इतिहास में सबसे अधिक है. खास बात यह भी रही कि इनमें से 16 उम्मीदवार सरकारी कॉलेजों और विश्वविद्यालयों से पढ़े हैं, जो चयन के बदलते रुझान की ओर इशारा करता है.

पिछले तीन साल में लगातार सुधार

पिछले तीन वर्षों में राज्य का प्रदर्शन लगातार बेहतर होता गया है. साल 2023 में जहां केवल 29 उम्मीदवार चयनित हुए थे, वहीं 2024 में यह संख्या बढ़कर 53 हो गई और अब 61 तक पहुंच गई है. इस तरह तीन साल में चयन लगभग दोगुना हो गया है. इस बार टॉप रैंकर्स में भी मध्यप्रदेश के अभ्यर्थियों ने अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई. ईशान भटनागर ने देश में पांचवां और प्रक्षाल सेक्रेटरी ने आठवां स्थान हासिल किया है.

टॉप 100 में बेटियों का शानदार प्रदर्शन

महिलाओं की सफलता भी इस बार खास रही. टॉप 100 में प्रदेश की पांच बेटियों ने जगह बनाई है. इंदौर की अनन्या शर्मा को 13वीं रैंक मिली है, जबकि खंडवा की रूपल जायसवाल 43वें, इंदौर की दीक्षा चौरसिया 44वें, रीवा की समीक्षा द्विवेदी 56वें और नरसिंहपुर की दीक्षा पाटकर 88वें स्थान पर रहीं.

भोपाल में होगा सम्मान और संवाद कार्यक्रम

सभी चयनित अभ्यर्थियों को सोमवार को भोपाल आमंत्रित किया गया है, जहां कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उनसे संवाद करेंगे. इस कार्यक्रम में फाइनल ईयर के छात्रों को भी शामिल किया गया है, ताकि वे सफल उम्मीदवारों से सीधे अनुभव और मार्गदर्शन ले सकें. एसीएस अनुपम राजन के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य यह है कि चयनित अभ्यर्थी अपने अनुभव साझा करें और आने वाले छात्रों को तैयारी में सही दिशा मिल सके.

ये भी पढे़ं- MP में संबल योजना का भुगतान नहीं मिला; 30,984 श्रमिक परिवारों के लिए 660 करोड़ की जरूरत

ज़रूर पढ़ें