बच्चों की जिंदगियों से फिर खिलवाड़! जबलपुर में सरकारी अस्पतालों में दी जाने वाली पैरासिटामोल सिरप का सैंपल जांच में फेल
बच्चों को दिया जाने वाला सिरप MP में फिर फेल.
Jabalpur News: मध्य प्रदेश में सरकारी अस्पताल में दी जाने वाली दवाओं को लेकर किए जाने वाले बड़े-बड़े दावे एक बार फिर फेल होते दिखाई दे रहे हैं. जबलपुर में बच्चों को दिए जाने वाले पैरासिटामोल सिरप के सैंपल भोपाल की प्रयोगशाला में हुई जांच में फेल हो गए हैं. इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल सिरप के एक बैच पर पूरी तरह से रोक लगा दी है.
सैंपल की रिपोर्ट आने में एक साल का वक्त लग गया
दरअसल जबलपुर जिले में सरकारी अस्पतालों में बैच नंबर 41507 नंबर की पैरासिटामोल दवा की सप्लाई की गई थी. पेरासिटामोल पेडियाट्रिक ओरल सस्पेंशन आईपी 125 एमजी की निर्माता कंपनी इंदौर की मेसर्स जेनिथ ड्रग्स लिमिटेड है, जिसने 1 साल पहले जबलपुर के जिला अस्पताल में पेरासिटामोल सिरप को सप्लाई किया था. जबलपुर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ नवीन कोठारी का कहना है कि वैसे तो पूरी गाइडलाइन और जांच के बाद ही सरकारी अस्पतालों में दवाओं की सप्लाई होती है, लेकिन एहतियात के तौर पर सप्लाई होने के बाद एक बार फिर दवा का सैंपल जांच के लिए भेजा जाता है. इसी प्रक्रिया के तहत पेरासिटामोल पेडियाट्रिक ओरल सस्पेंशन आईपी का सैंपल भोपाल की प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया था, जिसकी रिपोर्ट आने में 1 साल का वक्त लग गया.
नवंबर 2024 में बनाया गया था सिरप
1 साल बाद जब रिपोर्ट आई तो रिपोर्ट में पेरासिटामोल जांच में फेल हो गई. इसलिए सुरक्षा के तहत सभी अस्पतालों, उप स्वास्थ्य केंद्रों और संजीवनी क्लीनिक में पेरासिटामोल पेडियाट्रिक ओरल सस्पेंशन आईबी के वितरण पर रोक लगा दी है. साथ ही पेरासिटामोल सिरप के स्टॉक की जांच के लिए भी निर्देश जारी कर दिए हैं. जानकारी के मुताबिक पेरासिटामोल सिरप नवंबर 2024 में बनाया गया था. जिसकी एक्सपायरी डेट अक्टूबर 2026 हैं. पैरासिटामोल सिरप के जांच में फेल होने का यह पहला मामला नहीं है कि मध्य प्रदेश में इसके सैंपल फेल हुए हैं. इससे पहले भी प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में इस सिरप के साथ ही अन्य सिरप और अन्य दवाओं के सैंपल गुणवत्ता जांच में फेल पाए जा चुके हैं. बार-बार सामने आने वाले इन मामलों से यह संकेत मिलता है कि दवा सप्लाई और गुणवत्ता नियंत्रण की प्रक्रिया में कहीं न कहीं कोई चूक जरूर हो रही है.
ये भी पढे़ं: पुलिस की स्वायत्तता पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, PCC चीफ जीतू पटवारी बोले- BJP दबाव बनाने और अपमानित करने का काम कर रही