Ujjain: महाकाल की नगरी में बी प्राक ने बांधा भक्ति का समां, शिव भजनों पर झूम उठा उज्जैन

Ujjain News: महाकाल की नगरी में आयोजित 'शिवतत्व - श्रावण कला उत्सव' में मशहूर गायक बी प्राक ने अपनी दमदार आवाज से ऐसा माहौल बनाया कि बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु और संगीत प्रेमी भक्ति के रंग में रंग गए.
B Praak Event Ujjain

बी प्राक इवेंट उज्जैन

Ujjain News: उज्जैन में रविवार को सावन की भक्ति और संगीत का अनोखा संगम देखने को मिला. महाकाल की नगरी में आयोजित ‘शिवतत्व – श्रावण कला उत्सव’ में मशहूर गायक बी प्राक ने अपनी दमदार आवाज से ऐसा माहौल बनाया कि बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु और संगीत प्रेमी भक्ति के रंग में रंग गए. शक्ति पथ और त्रिवेणी संग्रहालय के पास आयोजित कार्यक्रम में बी प्राक की प्रस्तुति देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी.

भक्ति संगीत से सजा आयोजन

श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने मध्य प्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के सहयोग से इस विशेष आयोजन का किया. कार्यक्रम में भक्ति संगीत के साथ रंग-बिरंगी लाइट और साउंड की शानदार प्रस्तुति ने माहौल को और आकर्षक बना दिया. बी प्राक ने भगवान शिव को समर्पित भजनों के साथ अपनी लोकप्रिय प्रस्तुतियां दीं, जिन पर मौजूद लोग जमकर झूमते नजर आए.

भस्म आरती में शामिल हुए बी प्राक

कार्यक्रम से पहले बी प्राक ने श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर बाबा महाकाल की प्रातःकालीन भस्म आरती में शामिल होकर दर्शन किए. मंदिर समिति की ओर से उप प्रशासक एस.एन. सोनी ने उनका स्वागत किया. भस्म आरती में शामिल होने के बाद बी प्राक ने मंदिर में दर्शन और श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की भी सराहना की.

महादेव के दरबार में आना बताया सौभाग्य

बी प्राक ने कहा कि सावन के पवित्र महीने में महादेव के दरबार में आना उनके लिए बेहद खास अनुभव है. उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल के दर्शन करने की इच्छा लंबे समय से थी और उज्जैन में आकर उन्हें आध्यात्मिक शांति का अनुभव हुआ. उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्थाओं को भी बेहतर बताया.

सरकार और प्रशासन का जताया आभार

उज्जैन में अपनी प्रस्तुति को लेकर बी प्राक ने मध्य प्रदेश सरकार, पुलिस प्रशासन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार जताया. उन्होंने कहा कि महाकाल की नगरी में बाबा के दर्शन करने के बाद उन्हीं की धरती पर शिव आराधना से जुड़ी प्रस्तुति देना उनके लिए बेहद सौभाग्य की बात है. कार्यक्रम के दौरान भक्ति गीतों पर झूमते लोगों और रोशनी से जगमगाते आयोजन स्थल ने उज्जैन की शाम को यादगार बना दिया.

ये भी पढे़ं- Ujjain News: सावन के पहले 7 दिन में उज्जैन में 100 करोड़ का कारोबार, अब तक 26 लाख से ज्यादा भक्तों ने किए महाकाल के दर्शन

ज़रूर पढ़ें