उज्जैन में फिर से गरजा बुलडोजर, आधा दर्जन से अधिक दरगाह-मजारें ध्वस्त, सिंहस्थ से पहले प्रशासन का एक्शन
उज्जैन: दरगाह-मजारों पर बुलडोजर एक्शन
Ujjain Bulldozer Action: मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में शनिवार को फिर बुलडोजर एक्शन हुआ. रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 8 के पास स्थित आधा दर्जन से ज्यादा दरगाहों और मजारों को हटाया गया. इस कार्रवाई के जरिए लगभग 15 हजार स्क्वॉयर फीट जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया. एक्शन के दौरान आरपीएफ, जीआरपी समेत सिटी पुलिस के जवान बड़ी संख्या में तैनात रहे.
पहले नोटिस, फिर एक्शन
रेलवे प्रशासन ने संबंधित पक्ष कई बार नोटिस दिया था. जमीन से अतिक्रमण हटाने के लिए कहा था. दरअसल, सिंहस्थ 2028 को लेकर रेलवे स्टेशन कई निर्माण और विकास कार्य प्रस्तावित हैं. नोटिसों के बावजूद जब कब्जे नहीं हटाए गए तो प्रशासन ने बुलडोजर एक्शन किया.
शनिवार सुबह से ही रेलवे की पोकलेन और जेसीबी मशीनें मौके पर पहुंचीं. इसके बाद एक-एक कर सरकारी जमीन पर बनी संरचनाओं को हटाने का काम शुरू किया. मस्जिद कलंदरी, शाही मकबरा और मजारों को हटाने का कार्य किया गया. कार्रवाई के वक्त प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए थे.
वक्फ ने कार्रवाई पर जताया ऐतराज
PRO मुकेश कुमार ने बताया कि रेलवे की जमीन पर अवैध रूप से बनी संरचनाओं को हटाने की कार्रवाई की गई है. इस संबंध में रेलवे को न्यायालय से भी अनुमति मिल चुकी है. इसके बाद नियमानुसार ये एक्शन लिया गया. वहीं, वक्फ कमेटी ने इस पर ऐतराज जताया है. काजी मौलाना आरिफ नदवी ने आपत्ति जताते हुए कहा कि जमीन से जुड़ा मामला भोपाल वक्फ ट्रिब्यूनल कोर्ट में पेंडिंग है. किसी व्यक्ति को फर्जी किरायेदार बताकर तोड़फोड़ करना सही नहीं है. इसके साथ ही उन्होंने कोर्ट जाने की बात कही.



