‘स्थिति खराब हो गई…’, राम निवास रावत का छलका दर्द, नरेंद्र सिंह तोमर का पलटवार, बोले- इतना प्रचार तो अपने लिए नहीं किया
पूर्व कैबिनेट मंत्री राम निवास रावत और विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर
MP News: श्योपुर जिले की विजयपुर विधानसभा सीट पिछले कुछ समय से लगातार चर्चा में है. बीजेपी उम्मीदवार रामनिवास रावत की हार और बीजेपी कार्यकर्ताओं पर उनके आरोप अब सुर्खियों में है. एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कई लोग ऐसे हैं जो बैठकर चर्चा करते हैं कि राम निवास रावत की स्थिति खराब हो गई. इसी कार्यक्रम में मौजूद विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने पलटवार किया है.
‘पार्टी को कोई नहीं हरा सकता है’
पूर्व वन मंत्री और मध्य प्रदेश वन विकास निगम के अध्यक्ष रामनिवास रावत ने विजयपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि हमारे ही क्षेत्र में कई लोग ऐसे हैं जो बैठकर चर्चा करते हैं कि राम निवास रावत की स्थिति खराब हो गई. अरे, भाई तुम भारतीय जनता पार्टी के हो और अगर बीजेपी मुझे टिकट देगी तो मेरी स्थिति क्यों खराब होगी? ऐसे व्यक्तियों को आप मुहंतोड़ जवाब देना शुरू कर दो. पार्टी को कोई नहीं हरा सकता है.
उन्होंने आगे कहा कि मेरा संकल्प है कि मेरी वजह से पार्टी की इस बार हार हुई. मैं पार्टी को जिता कर एक बार इस सीट को आदरणीय नरेंद्र सिंह तोमर, पार्टी अध्यक्ष और सीएम मोहन यादव की झोली में डालकर अवश्य दूंगा. ये मेरा विश्वास और संकल्प है.
नरेंद्र सिंह तोमर का पलटवार
विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने पलटवार करते हुए कहा कि आप सभी लोगों को मालूम है कि मैं रामनिवास रावत के चुनाव के समय में आया था. मैंने जितना काम किया, इतना काम तो मैंने अपने चुनाव में भी नहीं किया. आप सभी लोग इस बात के साक्षी हो. शायद ही ऐसी कोई जगह हो, जहां मैं नहीं गया हूं.
ये भी पढ़ें: ‘सेठ के यहां बेटा हुआ, आपको इनाम दिलवा देंगे…’, बुजुर्ग महिला को ठगों ने बनाया शिकार, मंगलसूत्र-टॉप्स लेकर हुए फरार
चुनाव प्रचार के बारे में उन्होंने कहा कि मुकेश मल्होत्रा के विरोध में मैंने कोई भी कसर नहीं छोड़ी क्योंकि राम निवास बीजेपी उम्मीदवार हैं और बीजेपी मेरी मां है. मैं जो कुछ भी हूं, भारतीय जनता पार्टी के कारण हूं.