MP में फिर राजा रघुवंशी जैसा हत्याकांड! प्रेमी के साथ रहने के लिए पत्नी ने सुपारी देकर पति को मरवा दिया

पूछताछ के दौरान प्रियंका ने बताया कि उसका कमेलश नाम के व्यक्ति से संबंध था. लेकिन पति के कारण वह उससे मिल नहीं पा रही थी, प्रेमी के साथ रहने के लिए प्रियंका ने पति की सुपारी देकर मरवा दिया.
Accused wife Priyanka and her lover Kamlesh (File Photo)

आरोपी पत्नी प्रियंका और उसका प्रेमी कमलेश(File Photo)

MP News: मध्य प्रदेश के धार जिले में एक बार फिर रिश्तों का कत्ल कर दिया. इंदौर के व्यापारी राजा रघुवंशी की हत्या की तरह ही यहां पर भी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करवा दी. वहीं पुलिस को गुमराह करने के लिए हत्या की वारदात को डकैती दिखाने की कोशिश की. लेकिन पुलिस ने तत्परता से जांच करते हुए मामले में खुलासा करते हुए आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को पकड़ लिया है.

‘हत्या के बाद आरोपी जेवर लेकर फरार हो गए’

पूरा मामला सरदारपुर तहसील के ग्राम गोंदीखेड़ा चरण का है. यहां जिस व्यापारी के हत्याकांड को डकैती दिखाया गया था, पुलिस ने उसमें चौंकाने वाला खुलासा किया है. दरअसल सोमवार की रात को देवकृष्ण पुरोहित नाम के एक मसाला व्यापारी की हत्या कर दी गई थी. मृतक की पत्नी प्रियंका ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि देर रात बदमाशों ने घर में डकैती की वारदात को अंजाम दिया था. अचानक आए बदमाशों ने घर पर हमला कर दिया. इस दौरान प्रियंका को किसी और कमरे में बंद कर दिया, जबकि पति की हत्या के बाद आरोपी जेवर लेकर फरार हो गए.

शक के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की

व्यापारी की पत्नी प्रियंका ने पुलिस को जो डकैती और हत्या की कहानी सुनाई उसमें कई चीजों को लेकर शक गहरा गया. दरअसल प्रियंका ने बताया था कि बदमाश लूट की वारदात को अंजाम देने आए थे. लेकिन अगर आरोपियों का मकसद केवल लूटपाट करना था तो प्रियंका को दूसरे कमरे में क्यों बंद किया और देवकृष्ण की हत्या क्यों कर दी. इसके बाद पुलिस ने जब प्रियंका से पूछताछ शुरू की तो उसने अपने बयान बदलने शुरू कर दिए. जिसके बाद पुलिस ने जब कड़ाई से पूछताछ की तो पत्नी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया.

प्रेमी के साथ रहने के लिए पति को सुपारी देकर मरवा दिया

पूछताछ के दौरान प्रियंका ने बताया कि उसका कमेलश नाम के व्यक्ति से संबंध था. लेकिन पति के कारण वह उससे मिल नहीं पा रही थी, प्रेमी के साथ रहने के लिए प्रियंका ने पति की सुपारी देकर मरवा दिया. प्रियंका ने बताया कि वह कुछ दिन पहले ही अपने मायके से वापस लौटी थी. जिसके बाद ही उसने प्रेमी कमलेश के साथ मिलकर पति को मारने की साजिश रची. फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.

ये भी पढ़ें: MP के स्टूडेंट्स की टेंशन खत्म! 10वीं-12वीं बोर्ड में पास या फेल सबको मिलेगा दूसरा मौका, इस तारीख से होंगी ‘द्वितीय परीक्षा’

ज़रूर पढ़ें