Bhopal: सुसाइड से पहले युवक ने बनाया वीडियो, पत्नी और ससुराल पर लगाया प्रताड़ना का आरोप, 7 महीने पहले की थी लव मैरिज
मृतक युवक
Bhopal News: भोपाल में एक युवक ने पत्नी और ससुराल पक्ष की कथित प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या कर ली. जान देने से पहले उसने एक वीडियो रिकॉर्ड कर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया, जिसमें पत्नी और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
7 महीने पहले किया था प्रेम विवाह
घटना शाहपुरा इलाके के एक होटल की है, जहां रविवार सुबह यह मामला सामने आया. मृतक की पहचान 28 वर्षीय विकास हिरवे के रूप में हुई है, जो हबीबगंज क्षेत्र का रहने वाला था. करीब सात महीने पहले ही उसने प्रेम विवाह किया था. दोपहर में पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. फिलहाल पुलिस वीडियो और पूरे मामले की जांच कर रही है.
होटल के कमरे में लटका मिला शव
जानकारी के मुताबिक, विकास ने शनिवार देर रात होटल में कमरा लिया था. रविवार सुबह होटल कर्मचारियों ने कमरे में उसका शव फांसी के फंदे से लटका हुआ देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की. कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ, लेकिन परिवार ने एक वीडियो पुलिस को सौंपा है, जिसकी जांच की जा रही है.
पत्नी मानसिक रूप से प्रताड़ित करती थी
वीडियो में युवक ने खुद को विकास हिरवे बताते हुए कहा कि उसने सात महीने पहले स्नेहा सोलंकी से प्रेम विवाह किया था और वह अपनी मर्जी से आत्महत्या कर रहा है. उसने अपनी पत्नी को इसके लिए जिम्मेदार ठहराते हुए आरोप लगाया कि वह लगातार विवाद करती थी, मानसिक रूप से प्रताड़ित करती थी और झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देती थी. युवक ने यह भी कहा कि बीते कुछ दिनों से उसकी पत्नी अपने दस्तावेज और गहने मायके भेज रही थी. साथ ही उसने अपनी दादी सास पर भी पत्नी को उकसाने का आरोप लगाया.
परिवार ने देखा आखिरी वीडियो
परिजनों के अनुसार, शनिवार शाम पति-पत्नी के बीच हल्की कहासुनी हुई थी, जिसके बाद विकास रात में बिना बताए घर से निकल गया. तड़के करीब 3 बजे परिवार ने उसका आखिरी वीडियो देखा, जिसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई. जब वे होटल पहुंचे, तब तक युवक आत्महत्या कर चुका था. वीडियो में उसने यह भी कहा कि परिवार वाले उसकी पत्नी को बहुत मानते हैं, इसके बावजूद वह सभी को झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देती थी.
ये भी पढे़ं- MP: साइड न मिलने पर गुस्सा हो गए साहब! नाचते-झूमते बारातियों पर चढ़ा दिया ट्रैक्टर, बग्गी से कूदकर दूल्हे ने बचाई जान