40 साल बाद खुलेगा इंद्रावती टाइगर रिजर्व, सैलानी कर सकेंगे जंगल सफारी
Indravati Tiger Reserve Jungle Safari: छत्तीसगढ़ पर्यटन विभाग ने एक बहुत बड़ा कदम उठाया है. बस्तर इलाके में स्थित इंद्रावती टाइगर रिजर्व वर्षों बाद आम पर्यटकों के लिए एक बार फिर खुलने जा रहा है. पर्यटक इस टाइगर रिजर्व का एक बार फिर आनंद ले सकेंगे. बीजापुर जिले में स्थित यह टाइगर रिजर्व लगभग 2799 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है. ऐसे में सरकार के इस फैसले से पर्यटक जंगल सफारी की सैर कर सकेंगे और अपने मस्ती व खुशी भरे पलों को एक यादगार के रूप में संजो सकेंगे.
बीजापुर जिले में स्थित इंद्रावती टाइगर रिजर्व 1 नवंबर 2026 से आम पर्यटकों के लिए खुल जाएगा.
इस टाइगर रिजर्व का कोर क्षेत्र 1,258 वर्ग किलोमीटर और बफर क्षेत्र 1,540 वर्ग किलोमीटर है.
बता दें कि इंद्रावती टाइगर रिजर्व सुरक्षा चुनौतियों और नक्सल प्रभाव के कारण पिछले लगभग 40 वर्षों (1980 के दशक के मध्य) से पर्यटकों के लिए पूरी तरह बंद था.
सुरक्षा और विकास कार्यों की वजह से नक्सलियों का प्रभाव कम हुआ है, जिससे अब वन अधिकारी उन इलाकों में भी जा पा रहे हैं जहां पहले जाना नामुमकिन था.
छत्तीसगढ़ के मुख्य वन अधिकारी अरुण पांडेय के अनुसार, विभाग 1 नवंबर से नई गाड़ियां खरीदकर और रास्ते बनाकर पर्यटकों के लिए दो-तीन नई सफारी जगहें शुरू करने की तैयारी कर रहा है.
टाइगर कंजर्वेशन प्लान के नियमों के तहत सफारी के रास्ते तय किए जा रहे हैं और यह जांचा जा रहा है कि रोजाना कितने वाहन और पर्यटक अंदर जा सकते हैं.
सफारी का मुख्य मकसद पर्यटकों को स्थानीय आदिवासी संस्कृति, जंगल के माहौल और वन्यजीवों का करीब से अनुभव कराना है.
पूरा इलाका जंगली भैंसों के आखिरी बचे प्राकृतिक घरों में से एक माना जाता है.