Hariyali Teej 2026: 14 या 15 अगस्त कब है हरियाली तीज? इस बार बन रहे हैं 3 शुभ योग, जानें सही डेट और मुहूर्त
हरियाली तीज 2026
Hariyali Teej Shubh Yog: हिंदू धर्म में कई ऐसे पवित्र त्योहार हैं, जिनका अपना-अपना विशेष महत्व होता है. ऐसा ही एक त्योहार हरियाली तीज है. यह त्योहार महिलाओ के लिए बहुत ही मंगलकारी माना जाता है. हिंदू कैलेंडर के अनुसार, हरियाली तीज का व्रत श्रावण मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को रखा जाता है. महिलाएं इस त्योहार पर पति की लंबी उम्र और सुखद वैवाहिक जीवन के लिए व्रत रखती हैं. इस खास दिन पर महिलाएं उपासना कर भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना करती हैं. मान्यता है कि महिलाओं के इस व्रत से घर के सभी दुख और कष्ट दूर होते हैं और भगवान की कृपा बनी रहती है.
हरियाली तीज की मान्यता
मान्यताओं के अनुसार, इसी तिथि को माता पार्वती ने कठोर तपस्या की थी, जिससे प्रसन्न होकर भगवान शिव ने उन्हें अपनी पत्नी के रूप में स्वीकार किया था. वहीं सावन का यह वह मौसम होता है, जब चारों तरफ बस हरियाली ही हरियाली दिखाई देती है, जिस वजह से इसे हरियाली तीज भी कहा जाता है. इस पावन पर्व पर हिंदू महिएं हरा जोड़ा, हरी चूड़ियां और सोलह श्रृंगार करके झूले झूलती हैं और लोकगीत गाकर भगवान शिव को प्रसन्न करती हैं.
हरियाली तीज 2026 शुभ मुहूर्त
द्रिक पंचांग के अनुसार, इस साल हरियाली तीज का पवित्र त्योहार 14 अगस्त को शाम 6 बजकर 46 मिनट पर शुरू होगा और 15 अगस्त को शाम 5 बजकर 28 मिनट पर समाप्त होगा. वहीं उदयातिथि के अनुसार, हरियाली तीज 15 अगस्त दिन शनिवार को ही मनाई जाएगी. इस खास दिन पर महिलाएं व्रत रखकर भगवान शिव और माता पार्वती से अपने पति की लंबी उम्र की कामना करेंगी.
तीन शुभ योग बन रहे
ज्योतिषियों के अनुसार, इस साल हरियाली तीज के व्रत पर तीन शुभ योग बन रहे हैं. इस दिन शिव योग, सिद्धि योग और रवि योग का निर्माण होगा. ज्योतिषीय दृष्टि से ये तीनों योग बहुत ही शुभ माने जा रहे हैं. हिंदू कैलेंडर के अनुसार, 15 अगस्त से 16 अगस्त की सुबह 5 बजकर 21 मिनट तक सिद्धि योग रहेगा. रवि योग 15 अगस्त की सुबह 6 बजकर 19 मिनट से 16 अगस्त को रात 3 बजकर 25 मिनट तक रहेगा. वहीं शिव योग सुबह 7 बजकर 9 मिनट तक रहेगा. ज्योतिषियों का कहना है कि ये तीनों योग सभी राशियों के लिए लाभकारी रहने वाले हैं.
ये भी पढ़ें-Hariyali Amavasya 2026: हरियाली अमावस्या आज, नोट कर लें स्नान-दान का शुभ समय, पूजा विधि और नियम
हरियाली तीज पूजन विधि
- सुबह जल्दी उठकर नहाएं और हरे रंग के साफ कपड़े पहनें.
- हाथ में जल लेकर व्रत रखने का संकल्प लें.
- पूजा घर में साफ मिट्टी या रेत से शिव जी, माता पार्वती और गणेश जी की मूर्ति बनाएं.
- माता पार्वती को सुहाग का सामान चढ़ाएं.
- भगवान शिव को बेलपत्र, भांग, धतूरा और ताजे फल अर्पित करें.
- इसके बाद श्रद्धा से हरियाली तीज की व्रत कथा पढ़ें या सुनें.
- आखिरी में दीपक और कपूर जलाकर आरती करें.
- भगवान से अपने परिवार की खुशहाली और तरक्की के लिए प्रार्थना करें.