T-20 Series: अफगानिस्तान के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का ऐलान, बुमराह की एंट्री, दिल्ली में होंगे सभी मैच
श्रेयस अय्यर, जसप्रीत बुमराह, वैभव सूर्यवंशी
India Vs Afghanistan T-20 Series: अफगानिस्तान के खिलाफ 13 सितंबर से टी-20 सीरीज शुरू होने जा रही है. इसके लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है. फास्ट बॉलर जसप्रीत बुमराह की वापसी हुई है. वहीं, हार्दिक पांड्या को बाहर रखा गया है. दोनों देशों के बीच तीन T-20 मैच खेले जाएंगे.
सभी मैच दिल्ली में खेले जाएंगे
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज की शुरुआत 13 सितंबर से होगी. दूसरा मैच 15 सितंबर 2026 और तीसरा मैच 17 सितंबर 2026 को खेला जाएगा. तीनों मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाएंगे.
टीम में किन खिलाड़ियों को जगह मिली?
BCCI ने 15 सदस्यीय स्क्वॉड को चुना है. श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन, ईशान किशन, तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और हर्शित राणा भारतीय क्रिकेट टीम में शामिल हैं. इनमें जसप्रीत, नीतीश और हर्षित का खेलना उनके फिटनेस पर निर्भर करेगा.
इन्हें टीम में नहीं मिली जगह
जिम्बाब्वे दौरे के बाद अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज में भारतीय टीम में 8 खिलाड़ियों को जगह नहीं मिली है. इसमें रिंकू सिंह, सूर्यांश शेडगे, हर्ष दुबे, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव और प्रभसिमरन के नाम शामिल हैं.
अफगानिस्तान की टीम से कौन-कौन खेलेगा?
अफगानिस्तान की क्रिकेट टीम में इब्राहिम जादरान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज, नूर रहमान, सेदिकुल्लाह अटल, दरविश रसूली, अजमतुल्लाह उमरजई, गुलबदीन नायब, मोहम्मद नबी, राशिद खान, नांग्याल खरोटी, नूर अहमद, मुजीब उर रहमान, फजल हक फारूकी, अब्दुल्ला अहमदजई और नवीन-उल-हक शामिल हैं.