5 करोड़ वाले आरोपों पर विराट कोहली का जवाब, प्रेमानंद महाराज को लेकर फलाहारी बाबा के दावों को बताया झूठा
विराट कोहली-अनुष्का शर्मा
Virat Kohli Denies 5 Crore Claim: भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा को कई बार वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के पास जाते देखा गया है. दोनों ही महाराज के बड़े भक्त माने जाते हैं, लेकिन इस बीच सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक दावे ने सभी के होश उड़ा दिए हैं. हाल ही में दावा किया गया था कि वृंदावन स्थित प्रेमानंद महाराज के आश्रम जाने के लिए विराट कोहली कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये दिए गए थे. अब कोहली की ओर से इस दावे को खारिज कर दिया गया है. उनके प्रवक्ता ने स्टेटमेंट जारी कर इन आरोपों को पूरी तरह से खारिज करते हुए इन्हें झूठा और बेबुनियाद बताया है.
विराट कोहली के प्रवक्ता ने जारी किया बयान
विराट कोहली के प्रवक्ता ने एक ऑफिशियल स्टेटमेंट जारी करते हुए लिखा, ”हम साफ तौर पर कहना चाहते हैं कि फलाहारी महाराज दिनेश शर्मा ने विराट कोहली के बारे में जो दावे किये हैं, वे पूरी तरह से झूठे, बेबुनियाद और तथ्यों के लिहाज से गलत हैं. विराट कोहली प्रेमानंद महाराज जी से सिर्फ इसलिए मिलने जाते हैं क्योंकि उनकी महाराज जी में गहरी आस्था और श्रद्धा है. हम इन दावों का जोरदार खंडन करते हैं और मीडिया से अपील करते हैं कि वे ऐसी बातों को रिपोर्ट करने या फैलाने से पहले पूरी सावधानी बरतें, तथ्यों की जांच करें और ज़िम्मेदारी से रिपोर्टिंग करें.

यह भी पढ़ें: ‘शिष्य की मौत के लिए वे कैसे जिम्मेदार…’, प्रेमानंद महाराज को लेकर ऐसा क्यों बोले अनिरुद्धाचार्य?
फलाहारी महाराज ने क्या किया था दावा?
हाल ही में सोशल मीडिया पर एक दावा वायरल हुआ था, जिसमें फलाहारी महाराज दिनेश शर्मा ने कहा था कि राजस्थान की एक प्राइवेट कंपनी ने कथित तौर पर विराट कोहली को प्रेमानंद महाराज के आश्रम तक लाने के लिए 5 करोड़ रुपये खर्च किये थे. इन आरोपों मे यह भी कहा गया था कि इसके पीछे का मुख्य उद्देश्य प्रेमानंद महाराज के प्रचार और उनकी लोकप्रियता को बढ़ाना था. गौरतलब है कि विराट कोहली अक्सर अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ वृंदावन जाते रहते हैं. जहां वे प्रेमानंद महाराज का आशीर्वाद लेने उनके आश्रम भी जाते हैं. दोनों की महाराज जी के साथ मुलाकात की तस्वीरें और वीडियो अक्सर सोशल मीडिया पर वायरल होती रहती हैं.