फ्री क्रेडिट कार्ड के लालच में न करें गलती, एक छोटी चूक से खाली हो सकता है बैंक अकाउंट
साइबर ठगी से बचें
One Mistake Drains Bank: आजकल क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल काफी बढ़ गया है. ऑनलाइन शॉपिंग, होटल में पेमेंट और रोजमर्रा की खरीदारी के लिए लोग इसका उपयोग करते हैं. इसी बढ़ती मांग का फायदा साइबर ठग उठा रहे हैं. ये लोगों को फ्री क्रेडिट कार्ड, जीरो एनुअल फीस और तुरंत अप्रूवल जैसे ऑफर देकर ठगी का शिकार बनाते हैं. ऐसे ऑफर सोशल मीडिया और फोन कॉल के अलावा मॉल और बाजारों में भी देखने को मिलते हैं. कई लोग खुद को बैंक का एजेंट बताकर ग्राहकों को कार्ड बनवाने के लिए कहते हैं.
मॉल और बाजार में भी रहें सावधान
कई शॉपिंग मॉल और बाजारों में बैंक के नाम पर क्रेडिट कार्ड बनाने वाले एजेंट मिलते हैं. ये लोग कार्ड को बिल्कुल फ्री बताकर तुरंत आवेदन करने के लिए कहते हैं. कुछ फर्जी एजेंट बैंक का नाम और लोगो इस्तेमाल करके लोगों का भरोसा जीतते हैं. आवेदन के नाम पर ये आधार कार्ड, पैन कार्ड, मोबाइल नंबर और बैंक खाते से जुड़ी जानकारी मांग सकते हैं.
फ्री कार्ड के नाम पर कैसे होती है ठगी?
ठग लोगों को बिना फीस के कार्ड देने और कुछ ही मिनटों में अप्रूवल मिलने का लालच देते हैं. इसके बाद फर्जी वेबसाइट या लिंक भेजकर निजी जानकारी भरवाते हैं. कई बार फर्जी ऐप डाउनलोड करवाकर मोबाइल का एक्सेस लेने की कोशिश भी करते हैं. इसके अलावा, कार्ड एक्टिवेट करने या आवेदन पूरा करने के बहाने ओटीपी मांगा जाता है. अगर कोई व्यक्ति ओटीपी शेयर कर देता है, तो उसके बैंक खाते और कार्ड से जुड़ी जानकारी का गलत इस्तेमाल हो सकता है.
कार्ड में छिपे हो सकते हैं चार्ज
कई बार फ्री क्रेडिट कार्ड के नाम पर ग्राहकों को पूरी जानकारी नहीं दी जाती. कार्ड पर जॉइनिंग फीस माफ हो सकती है, लेकिन सालाना फीस, रिन्यूअल चार्ज और दूसरे शुल्क लग सकते हैं.
क्रेडिट कार्ड बनवाते समय रखें ध्यान
- हमेशा बैंक की ऑफिशियल वेबसाइट या ऐप से आवेदन करें.
- एजेंट से उसका पहचान पत्र और प्रमाण मांगें.
- किसी को ओटीपी, सीवीवी, एटीएम पिन या यूपीआई पिन न बताएं.
- अनजान लिंक पर क्लिक करने और फर्जी ऐप डाउनलोड करने से बचें.
- किसी भी ऑफर पर भरोसा करने से पहले बैंक के कस्टमर केयर से उसकी जांच जरूर करें.



