क्या कोई आपके आधार कार्ड का गलत इस्तेमाल कर रहा है? मिनटों में ऐसे पता करें पूरी हिस्ट्री
आधार कार्ड
Aadhaar Card Authentication History: आधार कार्ड आज के समय में हमारा सबसे महत्वपूर्ण पहचान पत्र बन चुका है. बैंक में खाता खुलवाना हो, नया मोबाइल सिम लेना हो या किसी सरकारी योजना का फायदा उठाना हो, हर काम के लिए आधार कार्ड की जरूरत पड़ती है. आधार में हमारी उंगलियों के निशान, आंखों की पुतली और चेहरे जैसी बहुत निजी जानकारियां दर्ज होती हैं, इसलिए इसका किसी गलत व्यक्ति के हाथ लगना काफी नुकसानदेह साबित हो सकता है.
हम रोजाना इतनी जगहों पर अपने आधार कार्ड का उपयोग करते हैं कि कुछ समय बाद हमें खुद याद नहीं रहता कि हमने इसका इस्तेमाल कहां-कहां किया था. इस स्थिति में सुरक्षा के हिसाब से यह बहुत जरूरी हो जाता है कि हम समय-समय पर अपने आधार के इस्तेमाल की जांच करते रहें. आपकी इसी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आधार जारी करने वाली संस्था (UIDAI) एक खास सुविधा देती है, जिसकी मदद से आप अपने आधार कार्ड का पुराना रिकॉर्ड खुद देख सकते हैं.
मिनटों में पता चल जाएगी आधार कार्ड की हिस्ट्री
इस सरकारी सुविधा के जरिए आप घर बैठे सिर्फ कुछ मिनटों में अपने आधार कार्ड की हिस्ट्री जान सकते हैं. इसके लिए आपको UIDAI की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाना होगा, जहां आपको पिछले 6 महीनों का पूरा रिकॉर्ड मिल जाएगा. इस रिकॉर्ड को देखकर आप आसानी से समझ सकते हैं कि पिछले दिनों में आपके आधार का इस्तेमाल कब और किस काम के लिए किया गया है. जब आप वेबसाइट पर अपना रिकॉर्ड चेक करेंगे, तो आपको वहां आधार इस्तेमाल होने के पांच अलग-अलग मोड दिखाई देंगे. इसमें बायोमेट्रिक, आपके नाम-पते की जानकारी, मोबाइल पर आने वाला OTP, आंखों का स्कैन और फेस ऑथेंटिकेशन शामिल हैं. इनसे आप बिल्कुल सटीक अंदाजा लगा सकते हैं कि आपके आधार का वेरिफिकेशन किस तरीके से किया गया था.
कैसे करें आधार हिस्ट्री चेक?
- सबसे पहले uidai.gov.in के ऑफिशियल वेबसाइट पर जाएं.
- फिर अपनी पसंद की भाषा चुने.
- होमपेज पर ‘My Aadhaar’ ऑप्शन पर जाएं.
- यहां ‘Aadhaar Authentication History’ पर क्लिक करें.
- अपना 12 अंकों का आधार नंबर दर्ज करें.
- स्क्रीन पर दिख रहा कैप्चा कोड भरें.
- आपके मोबाइल पर आए ओटीपी (OTP) से लॉगिन करें.
- स्क्रीन पर दिए ‘Authentication History’ को चुनें.
- आपको जिस तारीख का रिकॉर्ड चाहिए, उसे चुनें.
- अब ‘Fetch Authentication History’ पर क्लिक करें.