दुकानदारों के लिए Meta की नई सौगात, अब WhatsApp से होगी बंपर कमाई, जानें कैसे
मेटा AI फीचर
WhatsApp Business AI Feature: WhatsApp ने हाल ही में भारतीय छोटे व्यापारियों के लिए एक बहुत उपयोगी ‘Business AI’ फीचर पेश किया है, जो उनके काम करने के अंदाज को बदल सकता है. अब छोटे दुकानदार बिना किसी स्पेशल तकनीकी ज्ञान या भारी-भरकम सॉफ्टवेयर के अपने ग्राहकों को दिन-रात यानी 24/7 जवाब दे सकेंगे, ऑर्डर ले सकेंगे और अपनी बिक्री बढ़ा सकेंगे. यह नया AI सिस्टम क्षेत्रीय भारतीय भाषाओं में भी काम करता है, जिसका सीधा मतलब है कि स्थानीय कारोबारी अपनी ही भाषा में ग्राहकों से जुड़कर अपने व्यापार को नई ऊंचाइयों पर ले जा सकेंगे.
दुकानदारों के लिए कितना जरूरी है नया AI फीचर?
यह नया AI टूल छोटे दुकानदारों के लिए एक डिजिटल मददगार जैसा है, जो ग्राहकों के सामान्य सवालों के जवाब खुद-ब-खुद दे देगा. व्यापारी इसमें अपने सामान की कीमत, छूट और डिलीवरी जैसी जानकारी फीड कर सकते हैं, जिसे पढ़कर AI ग्राहकों को सही जानकारी देता रहेगा. सबसे अच्छी बात यह है कि जल्द ही ग्राहक चैट के दौरान ही UPI से पेमेंट भी कर सकेंगे. अगर कोई ग्राहक ऐसा सवाल पूछता है जिसे AI नहीं समझ पाता, तो दुकानदार खुद बीच में आकर बात संभाल सकता है.
छोटे कारोबारियों के लिए कितना मददगार है?
बता दें कि भारत में बहुत से छोटे दुकानदार WhatsApp के जरिए अपना काम करते हैं, लेकिन अक्सर काम के बोझ या रात के समय मैसेज आने की वजह से वे ग्राहकों को जवाब नहीं दे पाते, जिससे ऑर्डर हाथ से निकल जाते हैं. इसी समस्या को सुलझाने के लिए यह नया AI फीचर लाया गया है. Meta India के अनुसार, छोटे व्यापारियों के पास स्टाफ और समय की कमी होती है, इसलिए यह AI उनकी जगह हर समय एक्टिव रहकर ग्राहकों को तुरंत रिप्लाई देगा ताकि कोई भी बिजनेस का मौका न छूटे.
भारतीय भाषाओं में मिलेगा सपोर्ट
WhatsApp ने यह AI फीचर विशेष रूप से भारत के लिए बनाया है, जो हिंदी और दूसरे स्थानीय भाषाओं को समझ सकता है. इसका सबसे बड़ा फायदा छोटे शहरों और स्थानीय बाजारों के व्यापारियों को होगा, क्योंकि वे अब भाषा की चिंता किए बिना तकनीक का इस्तेमाल कर सकेंगे.
ये भी पढ़ें-अब Jio Hotstar पर मैच देखते-देखते मंगाएं खाना, नहीं मिस होगा गेम का एक भी पल, नया फीचर लॉन्च
किसके लिए अभी यह सुविधा उपलब्ध है?
अभी यह सुविधा उन छोटे व्यापारियों के लिए उपलब्ध है जो WhatsApp Business ऐप चलाते हैं और कंपनी के जरूरी नियमों का पालन करते है. आने वाले कुछ हफ्तों में इसे और भी ज्यादा बिजनेस यूजर्स के लिए शुरू कर दिया जाएगा, ताकि अधिक लोग इसका लाभ ले सकें.