दरभंगा-अमृतसर एक्सप्रेस में महिला कांस्टेबल की दबंगई, मां-बेटी के साथ जमकर की मारपीट, वीडियो वायरल
चलती ट्रेन में मारपीट
यूपी से चलती ट्रेन में महिला पुलिस द्वारा गुंडागिर्दी का वीडियो सामने आया है. वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि एक महिला कांस्टेबल ने दूसरी महिला यात्री और उसकी बेटी के साथ के जमकर मारपीट की. इस घटना में महिला यात्री का माथा फट गया. दरभंगा–अमृतसर एक्सप्रेस (15211) का ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. यह घटना उत्तर प्रदेश में नजीबाबाद (बिजनौर) के आसपास की बताई जा रही है.
जांच में जुटी जीआरपी
वीडियो से सामने आने के बाद जीआरपी मुरादाबाद जांच में जुट गई. जानकरी के अनुसार, बिहार के रहने वाले एक परिवार छठ पूजा मनाकर पंजाब के लुधियाना वापस लौट रहे थे. परिवार दरभंगा-अमृतसर एक्सप्रेस (15211) में सफर कर रहा था. 18 नवंबर को ट्रेन मुरादाबाद से नजीबाबाद के लिए निकली थी. इसी दौरान दो ड्यूटी पर तैनात दो महिला सिपाही ट्रेन में पहुंचे.
दरभंगा-अमृतसर एक्सप्रेस में महिला यात्री और GRP कांस्टेबलों के बीच विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा. यात्रियों का आरोप है कि सीट को लेकर हुए विवाद के बाद कांस्टेबलों ने बिहार की रहने वाली रूबी देवी और उनकी बेटियों के साथ मारपीट की. पुलिस कांस्टेबल ने महिला को थप्पड़ भी मारे. वहीं, पुलिस अधिकारियों का दावा है कि परिवार ने हस्तक्षेप करने पहुंचे पुलिसकर्मियों पर हमला किया. वीडियो के आधार पर जांच जारी है #IndianRailways #DarbhangaAmritsarExpress #GRP #Najibabad #Bijnor #ViralVideo #VistaarNews
— Vistaar News (@VistaarNews) November 21, 2026
इस वजह से हुआ विवाद
आरोप है कि दोनों महिलाएं बैठने के लिए सीट मांग रही थी. जिस पर विवाद शुरू हो गया. इसके बाद महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी. अब सोचिए जरा कि जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी उठाने वाला ही अगर महिलाओं के साथ ऐसी बदसलूकी करे, तो इससे शर्मनाक क्या होगा? पुलिस कांस्टेबल ने महिला को थप्पड़ मारे. उन्हें नीचे गिरा दिया. इतना ही नहीं, बीच बचाव करने पहुंची बेटी के साथ भी मारपीट किया.
वीडियो के सामने आने के बाद बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री व जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने घटना को निंदनीय बताया है. एक्स पर वीडियो शेयर कर लिखा कि, जननायक एक्सप्रेस में महिला यात्री के साथ कथित पुलिस बर्बरता अत्यंत शर्मनाक, दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है.



