नेपाल भागने की कोशिश में पकड़ा गया अमेरिकी, खुद को बताया पूर्व नेवी अफसर! पूछताछ में जुटे अधिकारी
जॉर्डन ब्राउन
India Nepal border Jordan Brown: भारत-नेपाल सीमा पर उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले में एक अमेरिकी नागरिक की गिरफ्तारी ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है. पकड़े गए शख्स ने अपनी पहचान अमेरिका के कैलिफोर्निया निवासी जॉर्डन ब्राउन के रूप में बताई है. युवक ने दावा किया कि वह पहले अमेरिकी नौसेना तथा स्पेशल फोर्स से जुड़ा रहा है. हालांकि उसके पास सीमा पार करने के लिए जरूरी यात्रा दस्तावेज नहीं मिले, इसलिए उसके सभी दावों की गहन जांच की जा रही है.
जानकारी के मुताबिक, सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने उसे भारत-नेपाल सीमा के सोनौली क्षेत्र में एक अनधिकृत रास्ते से नेपाल जाने की कोशिश करते हुए पकड़ा है.
अधिकारियों ने जब उसे रोका तो उसने भागने का प्रयास भी किया, लेकिन जवानों ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया. शुरुआती पूछताछ में उसने कई अलग-अलग बातें बताईं, जिससे जांच एजेंसियों का संदेह और बढ़ गया.
कहां गया युवक का पासपोर्ट
पूछताछ में उसने बताया कि उसका पासपोर्ट थाईलैंड में खो गया था. इसके बाद वह श्रीलंका के रास्ते भारत पहुंचा और पिछले कई महीनों से गोवा में रह रहा था. उसने यह भी दावा किया कि वह दुनिया के दर्जनों देशों की यात्रा कर चुका है. पुलिस अब उसके यात्रा रिकॉर्ड, पहचान और भारत में प्रवेश के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.
अमेरिकी युवक के पास से क्या-क्या मिला?
जांच के दौरान उसके पास से मोबाइल फोन, नकदी और कुछ अन्य सामान भी बरामद हुआ है. मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, बरामद वस्तुओं में एक चीनी पासपोर्ट और एआई ट्रांसलेटर डिवाइस भी शामिल होने की बात सामने आई है.
फिलहाल पुलिस ने विदेशी नागरिकों और आव्रजन कानूनों के तहत मामला दर्ज कर लिया है. सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि वह वास्तव में कौन है, भारत में कैसे आया और बिना वैध दस्तावेजों के नेपाल जाने की उसकी मंशा क्या थी.
ये भी पढ़ें:फ्रिज के फ्रीजर में दिखी शिवलिंग जैसी आकृति, आगरा में दर्शन के लिए उमड़ी लोगों की भीड़