’15 घंटे काम कराया, फ‍िर भी महीनों से नहीं मिली सैलरी…’, ओमान में फंसी हैदराबाद की शबनम ने लगाई मदद की गुहार

Shabnam Begum oman Muscat: हैदराबाद की रहने वाली शबनम बेगम ने एक वीडियो जारी कर अपनी आपबीती बताई है. उन्‍होंने बताया कि ओमान में उनके साथ मारपीट की गई, इसके साथ ही जबरन काम कराया गया. उन्‍होंने सरकार से मदद की गुहार लगाई है.
शबनम ने वीड‍ियो जारी कर मांगी मदद

शबनम ने वीड‍ियो जारी कर मांगी मदद

Shabnam Begum: हैदराबाद की रहने वाली 26 साल की शबनम बेगम ने ओमान में अपने साथ कथित तौर पर हुए उत्पीड़न का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि उन्हें ‘घरेलू कामगार की नौकरी का झांसा देकर मस्कट भेजा गया था. शुरुआत में काम करने के घंटे भी बताए गए थे. लेकिन यहां उनसे जबरन काम कराया जा रहा है.  इसके साथ ही उन्हें लगातार परेशान भी किया गया. सबनम ने बताया कि उनसे रोजाना 12 से 15 घंटे तक काम कराया गया. इसके बावजूद कई महीनों तक उन्हें कोई सैलरी भी नहीं दी गई है.

शबनम ने बताया कि वह 26 मार्च को एक एजेंट की मदद से ओमान पहुंची थीं. वहां पहुंचने के बाद हालात पूरी तरह बदल गए. शुरुआत में सब कुछ ठीक था और उसी को देखकर उन्‍होंने काम शुरू किया था.

उनका आरोप है कि उनसे दिन-रात काम लिया गया, लेकिन न तो समय पर खाना दिया गया और न ही रहने की उचित व्यवस्था की गई. उन्होंने यह भी दावा किया कि करीब डेढ़ महीने तक उनका मोबाइल फोन भी उनसे दूर रखा गया, जिससे वे अपने परिवार से भी बातचीत नहीं कर सकी.

वीड‍ियो शेयर कर बताई अपनी आपबीती

अपने दर्द को बयान करते हुए शबनम ने एक वीडियो रिकॉर्ड कर हैदराबाद के नेता अमजद उल्लाह खान को भेजा है. वीडियो में उन्होंने बताया कि उनके साथ मारपीट की गई और मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया. हालात असहनीय होने पर वह किसी तरह जहां वे काम कर रही थी वहां से निकलकर मस्कट स्थित भारतीय दूतावास पहुंचीं हैं.

हालांकि शबनम का कहना है कि उनका पासपोर्ट एजेंटों के पास ही है, जब उनसे मांगा गया तो उन्‍होंने नहीं दिया. वीडियो में ही शबनम ने भारत वापस लौटने में मदद की अपील की है.

महीनों से नहीं मिली सैलरी

अमजद उल्लाह खान ने बताया कि शबनम को हर महीने 200 ओमानी रियाल (करीब 50 हजार रुपये) वेतन का वादा किया गया था. लेकिन ओमान पहुंचने के बाद उन्हें अलग-अलग घरों में लंबे समय तक काम करने के लिए मजबूर किया गया और कई महीनों तक कोई वेतन नहीं दिया गया.

शबनम के परिवार ने सरकार से मांगी मदद

शबनम के परिजनों ने अब भारत सरकार से मदद की गुहार लगाई है. परिवार ने  विदेश मंत्री एस. जयशंकर से हस्तक्षेप कर शबनम की सुरक्षित भारत वापसी सुनिश्चित करने की मांग की है. इसके साथ ही, झूठे वादे कर उन्हें विदेश भेजने वाले भर्ती एजेंट के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग उठाई है.

इस पूरे मामले पर मस्कट स्थित भारतीय दूतावास ने कहा है कि उसने शिकायत का संज्ञान ले लिया है और संबंधित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.

ये भी पढ़ें:‘एक घंटे में छोड़ दूंगा पार्टी के सभी पद…’, TMC के बागियों को अभिषेक बनर्जी की खुली चुनौती

ज़रूर पढ़ें