सावधान! LPG बुकिंग के नाम पर हो रहा बड़ा स्कैम, एक क्लिक से बैंक अकाउंट हो सकता है खाली, जानिए कैसे बचें
नए एलपीजी स्कैम से बचें
LPG booking Scam India: ईरान-इजराइल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के कारण भारत में एलपीजी गैस की कमी होने की अफवाहें फैल रही हैं. इस वजह से लोग घबराकर फटाफट गैस बुकिंग कर रहे हैं. साइबर अपराधी इसी हड़बड़ाहट का फायदा उठाकर लोगों को ‘इंस्टेंट बुकिंग’ का झांसा दे रहे हैं. इसी खतरे को देखते हुए इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है.
ठग अपने जाल में कैसे फंसाते हैं?
ठगों का तरीका यह है कि वे गैस खत्म होने का डर दिखाकर लोगों को जल्दबाजी में बुकिंग करने के लिए उकसाते हैं.
Fake LPG booking scams से सतर्क रहें।
— CyberDost I4C (@Cyberdost) March 31, 2026
Urgent booking, discount offers या panic messages के माध्यम से scammers लोगों को trap कर रहे हैं – fake links, apps और QR codes के ज़रिए उनसे payment और personal details ली जा रही हैं।#LPGScamAlert #OnlineFraud #CyberSafetyIndia #ScamAware pic.twitter.com/l4UUEhIlo4
इस दौरान वे फेक लिंक, नकली ऐप्स और क्यूआर कोड (QR Code) भेजते हैं, जिनके जरिए वे लोगों के पैसे और उनकी निजी जानकारी चुरा लेते हैं. I4C ने चेतावनी दी है कि बुकिंग करते समय किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें.
कैसे काम करता है LPG बुकिंग स्कैम?
इस स्कैम की शुरुआत व्हाट्सएप, एसएमएस और सोशल मीडिया पर आने वाले एक मैसेज से होती है. इन संदेशों में अक्सर गैस की कमी का डर दिखाया जाता है या भारी डिस्काउंट का लालच देकर तुरंत बुकिंग करने को कहा जाता है. मैसेज के साथ एक लिंक होता है जो बिल्कुल असली कंपनी की वेबसाइट जैसा दिखता है या फिर आपसे कोई ऐप डाउनलोड करने और क्यूआर कोड स्कैन करने के लिए कहा जाता है. जैसे ही आप इन पर क्लिक करते हैं, आपसे ओटीपी (OTP), पिन और बैंक की जानकारी मांगी जाती है, जिसे भरते ही ठग आपके खाते से पैसे और निजी डेटा साफ कर देते हैं.
इस स्कैम से कैसे बचें?
- मैसेज या व्हाट्सएप पर आए किसी भी अनजान लिंक को न खोलें.
- गैस बुकिंग के लिए सिर्फ कंपनियों के असली ऐप या वेबसाइट का ही इस्तेमाल करें.
- गैस बुकिंग के नाम पर कभी भी अपना OTP या UPI PIN किसी को न बताएं.
- कोई भी शक होने पर सीधे अपनी गैस एजेंसी के पुराने नंबर पर फोन करें.
- धोखाधड़ी होने पर तुरंत 1930 नंबर पर कॉल करें और बैंक को सूचित करें.
ये भी पढ़ें-MP News: एमपी की बसों में पैनिक बटन-VLTD लगाना अनिवार्य, लापरवाही बरतने पर परमिट होगा रद्द
कैसे पहचाने LPG बुकिंग वेबसाइट सही है या फेक?
- वेबसाइट के नाम से पहले HTTPS का निशान ज़रूर देखें.
- नकली वेबसाइट के नाम की स्पेलिंग (Spelling) में अक्सर छोटी गलतियां होती हैं.
- जल्दबाजी में बुकिंग या भारी ऑफर के लालच में न आएं.
- अगर कोई आपसे OTP या UPI PIN मांगे, तो तुरंत सावधान हो जाएं और उन्हें शेयर न करें.