Indore: जन्मदिन बना मातम! बाइक हादसे में 3 नाबालिग दोस्तों की मौत, झाड़ियों में मिले शव
सांकेतिक तस्वीर
Indore Road Accident: इंदौर के महू में जन्मदिन मनाने निकले तीन दोस्तों की दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई. कालाकुंड रोड पर बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई और तीनों सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरे. हादसे का पता तुरंत नहीं चल सका. रातभर जंगल में तलाश के बाद करीब 14 घंटे बाद तीनों के शव झाड़ियों में मिले.
क्या है पूरा मामला ?
घटना बुधवार शाम करीब 6 बजे की है. 13 दोस्तों का ग्रुप अलग-अलग वाहनों से इंदौर से निकला था. देवगुराड़िया में जन्मदिन मनाने की योजना थी, लेकिन बाद में सभी कालाकुंड के जंगल क्षेत्र की ओर चले गए. वापसी के दौरान कुछ दोस्त आगे निकल गए, जबकि केशव परमार, निशांत परमार और सूरज चौहान एक बाइक पर पीछे रह गए. कालाकुंड रोड के मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई. टक्कर के बाद तीनों झाड़ियों में जा गिरे.
झाड़ियों में तीनों के शव मिले
जब पूरा ग्रुप इंदौर पहुंचा तो तीन दोस्तों के वापस नहीं आने की जानकारी हुई. इसके बाद दोस्त, परिजन और पुलिस उनकी तलाश में कालाकुंड रोड पहुंचे. करीब 5 से 7 किलोमीटर के जंगल क्षेत्र में रातभर सर्चिंग की गई, लेकिन अंधेरा और घनी झाड़ियों के कारण तीनों का पता नहीं चल सका.
गुरुवार सुबह करीब 8 बजे सड़क किनारे झाड़ियों में तीनों के शव मिले. मृतकों में 13 वर्षीय केशव परमार, 16 वर्षीय निशांत परमार और 17 वर्षीय सूरज चौहान शामिल हैं. पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर हादसे की जांच शुरू कर दी है.
अमित शाह के भोपाल दौरे पर ट्रैफिक डायवर्जन, शाम 6 बजे से बदले रहेंगे कई रूट, देखें पूरा प्लान