CG News: महिला कांग्रेस ने 17 जिलों में की अध्यक्षों की नियुक्ति, रायपुर में प्रगति बाजपेयी को मिली जिम्मेदारी
सांकेतिक तस्वीर
CG News: छत्तीसगढ़ में महिला कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए जिलाध्यक्षों की पहली सूची जारी की है. अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने प्रदेश के 17 जिलों और संगठनात्मक इकाइयों में जिलाध्यक्षों की नियुक्ति को मंजूरी दी है. इस सूची में रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और सरगुजा सहित कई क्षेत्रों की महिला नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है.
रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में इन नेताओं को मिली कमान
जारी सूची के अनुसार, रायपुर शहर की कमान प्रगति बाजपेयी और रायपुर ग्रामीण की जिम्मेदारी बरखा साहू को दी गई है. बिलासपुर शहर में प्रीति पटनवार जिलाध्यक्ष होंगी, जबकि बिलासपुर ग्रामीण की जिम्मेदारी सीमा पांडे संभालेंगी. इसी तरह दुर्ग शहर में प्रेमलता साहू और दुर्ग ग्रामीण में योगिता चंद्राकर को संगठन का नेतृत्व सौंपा गया है.
सरगुजा और सूरजपुर में भी नई नियुक्तियां
सरगुजा जिले में अनीमा केरकेट्टा को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है. सूरजपुर में संगठनात्मक जिम्मेदारियों का बंटवारा शहर और ग्रामीण इकाइयों के बीच किया गया है. सूरजपुर शहर की अध्यक्ष लिली राजवाड़े होंगी, जबकि ग्रामीण क्षेत्र की जिम्मेदारी बबीता गुप्ता को सौंपी गई है.
खैरागढ़ से मुंगेली तक महिला नेताओं को जिम्मेदारी
इसके अलावा खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में आरती महोबिया, गरियाबंद में मंजू ध्रुव और बलौदाबाजार-भाटापारा में ललिता यादव को जिलाध्यक्ष बनाया गया है. मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर शहर की जिम्मेदारी रूमा चटर्जी को मिली है. वहीं, कबीरधाम में अन्नपूर्णा चंद्राकर, रायगढ़ में संगीता गुप्ता, रिसाली (भिलाई नगर) में शशि सिन्हा और मुंगेली में उर्मिला यादव को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है.
जिला स्तर पर संगठन को मजबूत करने की तैयारी
महिला कांग्रेस की ओर से जारी इस सूची को प्रदेश में संगठनात्मक विस्तार की प्रक्रिया का हिस्सा माना जा रहा है. नई नियुक्तियों के बाद संबंधित जिलों में महिला कांग्रेस की गतिविधियों, संगठन के विस्तार और स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय की जिम्मेदारी नवनियुक्त अध्यक्षों पर होगी. आने वाले समय में इन पदाधिकारियों की भूमिका जिला स्तर पर संगठन को सक्रिय रखने और पार्टी के कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने में अहम रहेगी.


