MP और छत्तीसगढ़ में धूमधाम से मना करवा चौथ, महिलाओं ने चंद्रमा को अर्घ्य देकर खोला व्रत
महिलाओं ने मनाया करवा चौथ का पर्व
Karwa Chauth MP-CG: मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में करवा चौथ का पर्व श्रद्धा, उत्साह और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया. भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर और ग्वालियर समेत मध्य प्रदेश के कई शहरों में महिलाओं ने पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के साथ व्रत रखा. वहीं छत्तीसगढ़ के रायपुर, बिलासपुर, राजनांदगांव, दुर्ग और भिलाई में भी पर्व की रौनक देखने को मिली. पारंपरिक परिधानों, सोलह श्रृंगार और पूजा-पाठ के बीच महिलाओं ने चांद के दर्शन कर व्रत पूरा किया.
भोपाल, इंदौर समेत MP के शहरों में दिखी रौनक
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित इंदौर, उज्जैन, जबलपुर और ग्वालियर में करवा चौथ को लेकर महिलाओं में खास उत्साह देखने को मिला. महिलाओं ने दिनभर व्रत रखकर शाम को विधि-विधान से पूजा की और करवा चौथ की कथा सुनी. बाजारों में भी त्योहार की रौनक रही. महिलाओं ने पूजा की सामग्री, कपड़े, चूड़ियां, मेहंदी और श्रृंगार के सामान की खरीदारी की.
रीवा में दिखी सांस्कृतिक एकता की मिसाल
विंध्य की नगरी रीवा में करवा चौथ का आयोजन खास आकर्षण का केंद्र रहा. यहां विभिन्न धर्मों की महिलाओं ने एक साथ समूह बनाकर त्योहार मनाया. पंजाबी संस्कृति की झलक, ढोल-नगाड़ों की थाप और पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं के उत्साह ने आयोजन को खास बना दिया. इस सामूहिक उत्सव ने प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया.

रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग-भिलाई में भी उत्साह
छत्तीसगढ़ के रायपुर, बिलासपुर, राजनांदगांव, दुर्ग और भिलाई में भी महिलाओं ने पति की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य के लिए निर्जला व्रत रखा. शाम को पूजा-अर्चना और कथा के बाद चांद निकलने का इंतजार किया गया. बाजारों में भी करवा चौथ की खरीदारी को लेकर चहल-पहल रही.

चांद के दर्शन के बाद खोला व्रत
करवा चौथ की परंपरा के अनुसार महिलाएं दिनभर उपवास रखती हैं और शाम को चंद्रमा को अर्घ्य देने के बाद पति का चेहरा देखकर व्रत खोलती हैं. कई स्थानों पर महिलाओं ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना की. प्रेम, विश्वास और समर्पण का प्रतीक माना जाने वाला यह पर्व दोनों राज्यों में पारिवारिक खुशियों और सांस्कृतिक परंपराओं के उत्सव के रूप में मनाया गया.
ये भी पढे़ं- करवा चाैथ पर कैसे खोलें व्रत? क्या है चंद्रोदय का सही समय, जानें पूजा विधि और शुभ मुहूर्त