जंतर-मंतर और झारखंड के बाद अब इस प्रदेश में छात्र करेंगे प्रदर्शन, आमरण अनशन का ऐलान
पटना में भी छात्र करेंगे प्रदर्शन
Student Protest: जंतर-मंतर और झारखंड के बाद अब बिहार के छात्रों ने भी प्रदर्शन का ऐलान कर दिया है. पटना में आज छात्रों ने बैठक की थी, जिसके बाद यह फैसला लिया गया. छात्रों ने प्रदर्शन के लिए 18 अगस्त की डेट तय की है. यानी छात्र 18 अगस्त से प्रदर्शन करेंगे. यह प्रदर्शन शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के इस्तीफे, TRE 4 के लिए विज्ञापन जारी करने एवं अन्य परीक्षाओं में हुई गड़बड़ी के खिलाफ किया जा रहा है. जिसमें छात्र नेता दिलीप ने आमरण अनशन शुरू करने का ऐलान किया है.
छात्र नेता दिलीप ने बताया कि काफी लंबे समय से छात्रों ने मांग की है कि TRE 4 का विज्ञापन जारी किया जाए, लेकिन सरकार सुन ही नहीं रही. आज पटना में उन सभी छात्रों के साथ बैठक हुई, जो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियां कर रहे हैं. बैठक के बाद 18 अगस्त से आमरण अनशन शुरू करने का ऐलान किया है. इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि आमरण अनशन शुरू होने के 5 दिन के अंदर अगर सरकार ने हमारी मांगे नहीं मानी तो हम विधानसभा का घेराव करेंगे.
18 अगस्त के प्रदर्शन का ऐलान
बता दें, जिस दिन शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने पदभार ग्रहण किया था, उसी दिन छात्र सड़कों पर उतर गए थे. छात्र नेता ने कहा कि उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री ने पहले छात्रों के साथ वादा किया था कि जुलाई में हर हाल में TRE 4 का विज्ञापन जारी हो जाएगा. लेकिन अभी तक कुछ नहीं हुआ. जब उनसे जुलाई से पहले सवाल किया जाता था तो वह कहते थे जुलाई आ गया क्या? जब जुलाई आया तो वह कहते रहे जुलाई बीत गया क्या? आधा अगस्त बीतने को आ गया और अभी तक विज्ञापन जारी नहीं हुआ है. ऐसे में अब हमारे पास आंदोलन के अलावा कोई और रास्ता नहीं बचा है.
ये भी पढ़ेंः भरत तिवारी के परिवार को मिलेगी सरकारी नौकरी, CM सम्राट ने किया आर्थिक मदद का भी ऐलान
किन मांगों को लेकर अड़े छात्र?
- TRE 4 का विज्ञापन जारी करना.
- TRE 4 में एकल परीक्षा होनी चाहिए.
- लाइब्रेरियन की बहाली जल्द होनी चाहिए.
- सभी खाली पदों पर नियुक्ति होनी चाहिए.
- डोमिसाइल का सही से पालन होना चाहिए.
- सभी परीक्षाओं में पारदर्शिता होनी चाहिए.
- BSSC से संविदा वेटेज हटाया जाना चाहिए.
- AEDO की परीक्षा जल्द कराई जानी चाहिए.
- आंसर की जारी होनी चाहिए.
- सभी कैंडिडेट को आंसर शीट की कार्बन कॉपी भी मिलनी चाहिए.