इंटरनेशनल फ्लाइट्स में कटौती करेगा एयर इंडिया, किस वजह से लिया फैसला? बढ़ जाएंगे टिकट के दाम
एयर इंडिया
Air India: दुनियाभर में इस समय युद्ध जैसा माहौल है.ईरान-इजरायल-अमेरिका जंग का असर पूरी दुनिया पर साफ तौर पर देखने को मिल रहा है. इसका सीधा असर आम जनता की जेब पर भी पड़ने लगा है. एक दिन पहले कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए थे. तो वहीं दूसरी तरफ एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) ने देश की विमानन कंपनियों पर दबाव बढ़ा दिया है. इसका असर अब सीधे उड़ानों पर दिखने लगा है. एयर इंडिया ने लागत में तेज बढ़ोतरी के चलते जून और जुलाई में अपनी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में कटौती करने का फैसला किया है.
कंपनी के मुताबिक, पिछले कुछ हफ्तों में जेट फ्यूल की कीमतों में भारी उछाल आया है, जिससे कई रूट पर उड़ानें चलाना घाटे का सौदा बन गया है. हालात ऐसे हैं कि पहले ही अप्रैल और मई में कुछ उड़ानें कम की जा चुकी हैं और अब आने वाले महीनों में और कटौती की जा सकती है.
सिर्फ ईंधन ही नहीं, पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण कई देशों के एयरस्पेस पर पाबंदियां लगी हैं. इसकी वजह से विमानों को लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है, जिससे ईंधन की खपत और लागत दोनों बढ़ रही हैं.
एयर इंडिया किन उड़ानों को कर सकता है कम
एयर इंडिया के आकलन के मुताबिक स्थिति इतनी चुनौतीपूर्ण हो चुकी है. कई इंटरनेशनल रूट अब मुनाफे में नहीं रहे हैं. यही वजह है कि कंपनियों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है. यही कारण है कि कंपनी नेटवर्क को रैशनलाइज कर रही है यानी उन उड़ानों को कम कर रही है जो ज्यादा नुकसान दे रही हैं.
हवाई सफर होगा महंगा
रिपोर्ट्स के अनुसार, एयर इंडिया रोजाना करीब 100 उड़ानों तक की कटौती कर सकती है, जो कुल ऑपरेशन का लगभग 10% हिस्सा है. इसका असर खासकर लंबी दूरी की उड़ानों जैसे यूरोप, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया रूट पर ज्यादा देखने को मिल सकता है. इसका मतलब साफ है कि आने वाले दिनों में विकल्प कम होने के कारण आपका हवाई सफर महंगा हो सकता है.
एक्सपर्ट का कहना है कि ATF एयरलाइंस की कुल लागत का बड़ा हिस्सा होता है. कई मामलों में 40% से भी ज्यादा हिस्सा इसी में चला जाता है. ऐसे में कीमतों में तेज उछाल का सीधा असर टिकट, रूट और उड़ानों की संख्या पर पड़ना तय है.
फिलहाल एयर इंडिया ने यात्रियों को होने वाली असुविधा पर खेद जताया है. उम्मीद जताई है कि अंतरराष्ट्रीय हालात सुधरने और ईंधन की कीमतें स्थिर होने पर स्थिति सामान्य हो सकेगी.
ये भी पढ़ें: क्या अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को मिल पाएगा नोबेल पुरस्कार? अचानक क्यों होने लगी चर्चा