‘राजनीतिक रंजिश में बलि का बकरा बना भाई’, चंद्रनाथ रथ हत्याकांड के आरोपी राज सिंह की वकील बहन का बड़ा आरोप
राज सिंह
UP News: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की मतगणना के बाद गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. जिसमें पुलिस ने एक आरोपी को यूपी के आयोध्या से गिरफ्तार कर लिया है. जबकि आरोपी यूपी के ही बलिया का रहने वाला है. गिरफ्तारी के बाद आरोपी का परिवार खुलकर सामने आया है और आरोप को निराधार बताया है. परिवार ने कहा कि राजनीतिक साजिश के तहत फंसाया जा रहा है. बहन ने दावा किया कि राज सिंह ब्लॉक प्रमुख चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था. जिस पर साजिशन आरोप लगाए गए हैं.
दरअसल, राज सिंह क्षत्रिय महासभा का सचिव है और उसके कई बड़े नेताओं से अच्छे संबंध हैं. राज की गिरफ्तारी को लेकर परिवार ने पुलिस पर ही गंभीर सवाल उठाए हैं, जब राज की गिरफ्तारी हुई. उस दौरान राज अपनी मां के साथ एक कार्यक्रम से लौट रहा था. हालांकि राज की मां ने गिरफ्तारी के तुरंत बाद ही डीआईजी आजमगढ़ को पत्र लिखा और गिरफ्तारी को फर्जी बताया.
मां ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
राज की मां जामवंती सिंह ने बताया कि वे बेटे के साथ अयोध्या दर्शन के लिए गई थीं. जब वहां से लौट रही थीं, तो पुलिस ने उन्हें एक ढ़ाबा से गिरफ्तार कर लिया, जबकि गिरफ्तारी को बक्सर से दिखाया. जब गिरफ्तारी हुई, उस दौरान सभी लोग सादी वर्दी में थे और जबरन अपने साथ ले गए. अब राज की मां के बाद उनकी बहन भी सामने आकर भाई का बचाव की हैं. बहन दीपसिखा सिंह ने बताया कि भाई चुनाव लड़ने वाला था, इसलिए उसे बलि का बकरा बनाया गया है. राज का नाम इस हत्याकांड में आना नामुमकिन है. इसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए.
ये भी पढ़ेंः सोने के बहाने डॉलर पर निशाना? समझिए पीएम मोदी की अपील के मायने
राज पर 2020 में दर्ज है हत्या का केस
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, राज सिंह का इतिहास आपराधिक रहा है. इससे पहले भी वह एक हत्याकांड में जेल जा चुका है. साल 2020 में एक अंडा व्यापारी की हत्या का आरोप लगा था. फिलहाल, इस मामले में जमानत पर बाहर था. राज का कई बड़े नेताओं के साथ सीधा संपर्क था. चंद्रनाथ रथ की हत्या के आरोप में राज का नाम आने के बाद उसकी फोटो कई बड़े नेताओं के साथ वायरल हो रही है. फिलहाल, पुलिस की कार्रवाई पर जहां एक ओर परिजन सवाल खड़े कर रहे हैं, तो वहीं बहन ने एक और दावा कर भाई को बेगुनाह बताया है.