दिल्ली के कस्तूरबा नगर में भरभराकर गिरी छत, मलबे में दबे कई लोग, 2 की मौत

Delhi Roof Collapse Tragedy: दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सुबह करीब 10 बजकर 13 मिनट पर सूचना मिली थी कि एक मकान की छत गिर गई, जिसमें कई लोग नीचे दब गए हैं. इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई.
Delhi Roof Collapse Tragedy

दिल्ली के कस्तूरबा नगर में भरभराकर गिरी छत

Roof Collapse Two Dead: देश की राजधानी दिल्ली में आज मंगलवार सुबह एक बिल्डिंग की छत गिर गई, जिसमें कई लोग नीचे दब गए. यह हादसा पूर्वी दिल्ली के शाहदरा में कस्तूरबा नगर इलाके में हुआ है. फिलहाल, सूचना पाकर मौके पर दिल्ली फायर ब्रिगेड और बचाव दल की टीम पहुंच गई है. अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है.

दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सुबह करीब 10 बजकर 13 मिनट पर सूचना मिली थी कि एक मकान की छत गिर गई, जिसमें कई लोग नीचे दब गए हैं. मौके पर पहुंची टीम ने मलबे में फंसे 6 लोगों को बाहर निकाला और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन अस्पताल में इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई.

रेलवे की जमीन पर अवैध बना था घर

मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि जिस मकान की छत गिरी है. वह मकान ग्राउंड प्लस वन मंजिला था और काफी पुराना होने की वजह से जर्जर भी हो चुका था. मकान रेलवे की जमीन पर बना था. यहां पर करीब 50-60 सालों से लोगों ने जमीन पर कब्जा कर रखा है. कई घर ऐसे जर्जर हैं, जो कभी भी गिर सकते हैं. रेलवे लाइन भी पास से ही गुजरती है, जिसकी वजह से घरों में वाइब्रेशन भी होता है.

दो लोगों की मौत

पुलिस के मुताबिक, मृतकों में तीन साल का बच्चा और 35 साल का युवक शामिल हैं. जबकि खुशबू (30), विकेस (35), आकाश (25), अमन (18), दिलीप (22) घायल हो गए हैं. ये सभी परिवार किराए के घर पर रहते थे. जो पूरी तरह से रेलवे की कब्जे की जमीन पर बना था. इससे पहले भी दिल्ली में कई ऐसे हादसे हो चुके हैं. फिलहाल, प्रशासन एवं बचाव दल की टीम राहत कार्य में जुटी है.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें