‘हमारी पार्टी ने जब जानकारी छिपाने की शिकायत की तो RO ने नहीं माना था’, मीनाक्षी नटराजन मामले पर बोले गोवा कांग्रेस अध्यक्ष
गिरीश चोडनकर ने कहा कि मीनाक्षी नटराजन केस में सुप्रीम कोर्ट एक मिनट में फैसला कर देगा.
MP Rajya Sabha Election: मध्य प्रदेश में बीजेपी के तीनों राज्यसभा सांसद निर्विरोध चुन लिए गए हैं. रिटर्निंग ऑफिसर के मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज होने के बाद कांग्रेस ने फैसले के खिलाफ चुनाव आयोग से शिकायत की थी. लेकिन आयोग ने कोई भी जवाब नहीं दिया. जिसके बाद कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है, हालांकि मामले में आज सुनवाई नहीं हो सकी है. अब शुक्रवार को सुनवाई होगी. इस बीच गोवा के प्रदेश अध्यक्ष गिरीश चोडनकर ने कहा है कि चुनाव आयोग ने तो अपना काम सही से नहीं किया. आयोग मामले में फैसला दो मिनट में कर सकता था, लेकिन अब सुप्रीम कोर्ट एक मिनट में फैसला कर देगा.
‘रिटर्निंग ऑफिसर को फैसला लेने का अधिकार नहीं’
गिरीश चोडनकर ने कहा, ‘ये मैंडेट आरओ का नहीं है. रिटर्निंग ऑफिसर का काम ये चेक करना है कि सभी कॉलम फिल किया है या नहीं. प्रत्याशी ने साइन किया है या नहीं. जिस पर आरओ ने फैसला लिया है, ये काम ज्यूडिशियल रिव्यू होता है. इसी तरह का काम गोवा में उपचुनाव में आम आदमी पार्टी के कैंडिडेट ने किया था. आप कैंडिडेट ने जानकारी छिपाई थी. हमारी पार्टी की तरफ से वकील ने आपत्ति जताई थी, लेकिन आरओ ने उस पर कुछ नहीं किया. आरओ ने ऑर्डर पास करते हुए कहा था कि हमारा काम सिर्फ इतना ही है. इसी तरह का काम कन्या कुमारी एसेंबली में हुआ था. तो हमने ऑर्डर लगाया. ये आरओ का काम बनता ही नहीं है.’
‘EC ने काम नहीं किया, सुप्रीम कोर्ट एक मिनट में करेगा’
चोडनकर ने आगे कहा, ‘रिटर्निंग ऑफिसर इस तरह नॉमिनेशन रिजेक्ट ही नहीं कर सकते. बहुत सारे नियम हैं. इलेक्शन कमीशन ने अपना काम सही तरीके से नहीं किया है. लेकिन अब हम सुप्रीम कोर्ट गए हैं. हमको पूरी तरह यकीन है कि सुप्रीम कोर्ट अपना काम बखूबी करेगा. सुप्रीम कोर्ट पूरा मामला एक मिनट में सॉल्व कर देगा.’
बता दें कि गुरुवार को 3 बजे तक चुनाव आयोग को फैसला देना था, लेकिन चुनाव आयोग ने पूरे मामले पर चुप्पी साध ली. जिसके बाद एमपी से तीनों राज्यसभा प्रत्याशी निर्विरोध चुन लिए गए. जिसके बाद कांग्रेस सुप्रीम कोर्ट पहुंच गई. जहां आयोग की तरफ से जवाब दिया गया कि उन्हें अभी तक केस में कॉपी नहीं मिली है. कॉपी को पढ़ने के लिए वक्त लगेगा. फिलहाल शुक्रवार को मामले में सुप्रीम कोर्ट सुनवाई करेगा.
ये भी पढ़ें: एमपी में BJP के तीनों राज्यसभा प्रत्याशी निर्विरोध विजयी, मिला जीत का सर्टिफिकेट, कांग्रेस पहुंची है सुप्रीम कोर्ट