‘पिनाराई विजयन को गले नहीं लगा सकता…’, राहुल गांधी के एक बयान से कांग्रेस-सीपीएम आमने-सामने
पिनाराई विजयन और राहुल गांधी
Rahul Gandhi Pinarayi Vijayan: विपक्षी गठबंधन INDIA के भीतर मतभेद एक बार फिर खुलकर सामने आ गए हैं. इस बार विवाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सीपीएम के वरिष्ठ नेता पिनराई विजयन को लेकर है. राहुल गांधी की एक टिप्पणी के बाद कांग्रेस और वाम दलों के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है, जिससे गठबंधन की एकजुटता पर सवाल उठने लगे हैं.
दरअसल, INDIA गठबंधन की हालिया बैठक से जुड़ा एक ऑडियो चर्चा में है, जिसमें राहुल गांधी कथित तौर पर यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि केरल में राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के कारण वह पिनराई विजयन को गले नहीं लगाएंगे. उनका कहना था कि दोनों के बीच राजनीतिक संघर्ष जारी है, इसलिए ऐसा करना उनके लिए सहज नहीं है.
पिनराई विजयन ने क्या कहा?
राहुल गांधी की इस टिप्पणी पर पिनराई विजयन ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मुद्दा किसी को गले लगाने या न लगाने का नहीं है, बल्कि इससे जाने वाले राजनीतिक संदेश का है. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की राजनीतिक शैली INDIA गठबंधन को मजबूत करने के बजाय उसे कमजोर करती है और इससे भाजपा को फायदा मिल सकता है.
सीपीएम नेतृत्व का बयान भी आया सामने
सीपीएम नेतृत्व ने भी इस मामले को गंभीरता से लिया है. पार्टी महासचिव एम.ए. बेबी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी दलों को एक-दूसरे पर ऐसे आरोप लगाने से बचना चाहिए, जो केंद्र सरकार या जांच एजेंसियों के राजनीतिक एजेंडे को मजबूती दें. वाम नेताओं का कहना है कि गठबंधन का उद्देश्य भाजपा के खिलाफ साझा लड़ाई है और सहयोगी दलों के बीच सार्वजनिक टकराव इस मकसद को नुकसान पहुंचाता है.
केरल में लंबे समय से चल रही खींचतान
केरल की राजनीति में कांग्रेस और सीपीएम लंबे समय से कट्टर प्रतिद्वंद्वी रहे हैं. राज्य स्तर पर दोनों दल एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ते हैं, लेकिन राष्ट्रीय राजनीति में भाजपा का मुकाबला करने के लिए INDIA गठबंधन के मंच पर साथ आते हैं. यही वजह है कि स्थानीय राजनीतिक संघर्ष और राष्ट्रीय स्तर की साझेदारी के बीच संतुलन बनाए रखना दोनों दलों के लिए चुनौती बना हुआ है.
ये भी पढ़ें:G7 मंच पर गूंजेगा मिडिल ईस्ट युद्ध का मुद्दा, ट्रंप-ईरान टकराव के बीच PM मोदी का शांति मंत्र