डॉक्टर के साथ रिलेशनशिप में थी शादीशुदा नर्स, सरकारी आवास पर मिला शव, हत्या या आत्महत्या?
उदयपुर में डॉक्टर के सरकारी आवास के बाहर मिला महिला नर्स का शव
Udaipur Crime: राजस्थान के उदयपुर में डॉक्टर के सरकारी घर के बाहर एक महिला नर्स का शव मिला है. परिजनों ने नर्स की मौत को लेकर एक डॉक्टर पर आरोप लगाया है. पुलिस ने जब शव को देखा तो संदिग्ध लगा. इसलिए पुलिस ने भी परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया. जानकारी के अनुसार, महिला नर्स उसी डॉक्टर के सरकारी आवास पर ही रहती थी. फिलहाल, पुलिस आरोपी डॉक्टर को हिरासत में लेकर हर एंगल से जांच करने में जुटी है.
मृतका की पहचान सीकर निवासी अनीता मीणा से रूप में हुई है. जो राजपुरा कम्युनिटी हेल्थ सेंटर में ऑक्सिलरी नर्स मिडवाइफ (ANM) के तौर पर तैनात थी. नर्स का शव संदिग्ध हालत में पुलिस को कनोड़ क्षेत्र स्थित स्वास्थ्य केंद्र में बने सरकारी आवास के बाहर सीढ़ियों पर मिला. जिसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान पाए गए. स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) ने शव को देखते हुए संदिग्ध बताया और कि यह मामला सामान्य नहीं है. क्योंकि मृतका के गले पर चोट के निशान पाए गए हैं.
डॉक्टर के सरकारी आवास में रहती थी मृतका
पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए परिजनों से पूछताछ करने के लिए थाने बुलाया, तो परिजनों ने डॉक्टर सुरेंद्र बिजारनिया के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. इस दौरान पता चला कि मृतका और डॉक्टर के बीच काफी समय से संबंध थे. अनीता डॉक्टर के ही सरकारी आवास पर रहने भी लगी थी.
ये भी पढ़ेंः इश्क, बदला और खून! पत्नी ने प्रेमी से कराई पति की हत्या, 3 साल तक रची साजिश, ऐसे हुआ खुलासा
हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने इन सभी पहलुओं के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जांच में पता चला कि महिला शादी-शुदा थी और उसके दो बच्चे भी थे. लेकिन नौकरी के दौरान उसकी मुलाकात डॉक्टर से हुई, तो वह डॉक्टर के साथ ही रहने लगी. हालांकि, पुलिस हत्या, आत्महत्या समेत सभी एंगलों के जांच कर रही है. पुलिस का मानना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजहों का पता लग पाएगा.