दिल्ली में महारैली की वजह से 2.5 लाख से ज्यादा दुकानें बंद, राहुल गांधी को CTI का चौथा पत्र, व्यापारियों ने रखी मांग
दिल्ली में महारैली की वजह से 2.5 लाख से ज्यादा दुकानें बंद होने का दावा
Delhi Rally: दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन ने महारैली आयोजित की है, जिसको लेकर व्यापारियों ने आपत्ति जताई है. व्यापारियों का कहना है कि इससे 2.5 लाख दुकानों पर सीधा असर पड़ेगा. चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने करीब 4 बार कांग्रेस नेता राहुल गांधी को पत्र लिखा है. पत्र में रामलीला मैदान में हो रही महारैली की वजह से व्यापारियों के संकट को लेकर बात की है.
CTI चेयरमैन बृजेश गोयल ने बताया कि रामलीला मैदान में आयोजित महारैली को लेकर राहुल गांधी ने अपने कार्यकर्ताओं से अपील की थी कि दिल्ली आएं तो बाजारों से खरीदारी और व्यापारियों का सहयोग जरूर करें, लेकिन महारैली की वजह से इतना पैनिक माहौल हो गया है कि 2.5 लाख से ज्यादा दुकानों के बंद रहने के आसार हैं. यानी छोटे-बड़े सभी व्यापारियों को काफी नुकसान झेलना पड़ेगा.
80 प्रतिशत से ज्यादा कारोबार पर दिखेगा असर
CTI के मुताबिक, भले ही राहुल गांधी ने दिल्ली के बाजारों में जाकर अपने कार्यकर्ताओं से खरीदारी की अपील की है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है. रामलीला मैदान से करीब 10 किलोमीटर की एरिया में ट्रांसपोर्ट पूरी तरह से ठप रहेगा, जिसका असर 80 प्रतिशत कारोबार पर पड़ेगा.
कई बार व्यापारियों ने लगाई गुहार
बता दें, CTI ने कई बार कांग्रेस से अपील की थी कि या तो रैली को टाल दिया जाए या फिर डेट चेंज कर दिया जाए, लेकिन कांग्रेस ने व्यापारियों की एक न सुनी. व्यापारियों ने बताया कि हम किसी पार्टी के पक्ष या विपक्ष में नहीं हैं. हम दिवाली के पीक सीजन में अपनी रोजी-रोटी बचाने की गुहार लगा रहे हैं.
ये भी पढ़ेंः ‘ज्ञानेश कुमार बचेंगे नहीं…’, मॉक संसद में बोले राहुल गांधी, BJP का पलटवार, कहा-पटेल के वोट चोरी कर नेहरू बने थे PM
कई शहरों में दिखेगा असर
CTI के अनुसार, इस महारैली का असर न सिर्फ दिल्ली बल्कि सोनीपत, पानीपत, गुड़गांव, फरीदाबाद, गाजियाबाद, नोएडा, मेरठ, बहादुरगढ़ और झज्जर जैसे शहरों पर भी देखने को मिलेगा. व्यापारियों ने कहा कि महारैली की वजह से दिल्ली में लॉक डाउन जैसी स्थिति होगी. फिलहाल, व्यापार को लेकर दिल्ली के व्यापारी काफी चिंतित हैं.