मानसून में चिपचिपे और झड़ते बालों से हैं परेशान? अपनाएं ये आसान रूटीन
झड़ते बालों को कैसे रोकें
Prevent Sticky Hair Problems: बारिश के दिनों में बाल चिपचिपे होना, टूटना और डैंड्रफ जैसी परेशानियां काफी बढ़ जाती हैं. अगर आप भी इस मौसम में बालों की समस्याओं से परेशान हैं, तो हेयर एक्सपर्ट्स की आसान सलाह आपके बहुत काम आ सकती है. विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून में बालों को थोड़े एक्स्ट्रा ध्यान और सही देखभाल की जरूरत होती है. उनके बताए कुछ आसान तरीकों को अपनाकर आप अपने बालों को बरसात की नमी और गंदगी से सुरक्षित रखकर उन्हें सुंदर और सेहतमंद बनाए रख सकते हैं.
स्कैल्प की सफाई और ऑयलिंग
मानसून की नमी और पसीने से स्कैल्प जल्दी चिपचिपी हो जाती है. इसलिए बालों को रोज शैम्पू से धोना बहुत जरूरी है. बालों को सॉफ्ट रखने के लिए शैम्पू से 5 मिनट पहले तेल लगाएं. हफ्ते में एक बार क्लेरिफाइंग शैम्पू से स्कैल्प को गहराई से साफ करें.
स्टाइलिंग और खुले बाल
बरसात के दिनों में बालों पर किसी भी तरह के स्टाइलिंग प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल न करें. ये केमिकल जड़ों में जमा होकर उन्हें नुकसान पहुंचाते हैं. बालों को हर समय कसकर बांधने के बजाय खुला रखें, जिससे उन्हें हवा मिले और पसीना कम आए. बालों को धोने के बाद अपने आप सूखने के लिए न छोड़ें. डैंड्रफ और बालों के चिपके दिखने की समस्या से बचने के लिए हेयर ड्रायर को कम गर्मी पर रखकर बालों को तुरंत सुखा लें.
कटिंग और प्राकृतिक उपाय
बालों को सही आकार देने और उनके निचले हिस्सों को स्वस्थ रखने के लिए समय-समय पर ट्रिमिंग जरूर कराएं. अगर आप बारिश के पानी में भीग जाते हैं, तो बिना देर किए किसी हल्के शैम्पू से बालों को धो लें क्योंकि बारिश का पानी सिर में खुजली पैदा कर सकता है. हफ्ते में एक बार सिर पर ताजा एलोवेरा जेल का मास्क सिर्फ 5 मिनट के लिए लगाएं. यह छोटा सा उपाय डैंड्रफ रोकने, बालों का झड़ना कम करने और जड़ों को मजबूत बनाने में बहुत असरदार है. घर से बाहर निकलते समय हमेशा ध्यान रखें कि आपके बाल पूरी तरह सूखे हों.