गर्मियों में लू को कहें बाय-बाय! अपनाएं ये घरेलू नुस्खे और खुद को रखें सुरक्षित
गर्मियों में लू से कैसे बचें
Heatstroke Prevention Tips: गर्मी का मौसम शुरू होते ही धूप तेज होने लगती है और भीषण गर्मी पड़ने लगती है. धूप चाहे कितनी भी तेज क्यों न हो कामकाज के लिए लोगों को बाहर जाना ही पड़ता है, जिससे वे अक्सर लू की चपेट में आ जाते हैं. बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं हर उम्र के लोग गर्मियों में लू का शिकार हो सकते हैं. इससे बचने के लिए कुछ लोग घरेलू उपायों का इस्तेमाल करते हैं, तो कुछ अंग्रेजी दवाइयों का सेवन करते हैं. लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए हेल्थ एक्स्पर्ट्स ने लोगों को लू से बचाव की सलाह दी है. साथ ही कुछ ऐसे आयुर्वेदिक नुस्खे भी बताए हैं, जिनका उपयोग कर आप स्वयं को लू के प्रकोप से सुरक्षित रख सकते हैं.
तुलसी के बीजों का कमाल
तुलसी के बीज शरीर के लिए अमृत के समान हैं. इन्हें रात में एक गिलास पानी में भिगो दें और सुबह उठकर इस पानी का सेवन करें. ये बीज पेट की गर्मी को शांत करते हैं और पाचन तंत्र को मजबूत बनाते हैं. अगर आपको कब्ज या पेट में जलन की शिकायत रहती है, तो यह नुस्खा आपको बहुत राहत देगा और पूरे दिन तरोताजा रखेगा.
खुशबूदार ठंडे पानी का जादू
खस, चंदन और मोगरा अपनी प्राकृतिक शीतलता के लिए जाने जाते हैं. इन तीनों को पानी में भिगोकर रखने से पानी न केवल सुगंधित हो जाता है, बल्कि इसके गुण भी बदल जाते हैं. इस आयुर्वेदिक जल को पीने से भीषण गर्मी में होने वाली थकान, चिड़चिड़ापन और बेचैनी दूर होती है. यह शरीर को अंदर से ठंडा रखने का सबसे प्राकृतिक और प्रभावी तरीका है.
सफेद प्याज के फायदे
गर्मियों में सफेद प्याज को डाइट में जरूर शामिल करना चाहिए. आयुर्वेद के अनुसार, सफेद प्याज लू (Heatstroke) से बचाने में बहुत मददगार है. यह शरीर के अंदर के तापमान को नॉर्मल बनाए रखने में मदद करता है. आप इसे सलाद के रूप में या खाने के साथ कच्चा खा सकते हैं, जिससे धूप से बच सकते हैं.
ये भी पढ़ें-तरबूज खाने से परिवार के 4 लोगों की मौत? कहीं आप भी तो नहीं कर रहे ये गलती? जानिए डॉक्टर की राय
क्या खाएं और क्या नहीं?
- इस मौसम में हमारा पाचन थोड़ा कमजोर हो जाता है, इसलिए भारी ज्यादा तेल-मसाले वाला या बाहर का तला-भुना खाना खाने से बचें.
- इसकी जगह हल्का और ताजा बना भोजन लें.
- अपने खाने में दही, छाछ, खीरा और ताजे मौसमी फलों को एड करें.
- ये चीजें शरीर में पानी की कमी नहीं होने देतीं और ऊर्जा बनाए रखती हैं.