प्रेमिका की मौत के बाद प्रेमी ने भी जहर खाकर जान दी, दतिया में आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज हुआ था

तनाव के चलते मोनू ने पहले भी सल्फास खाकर आत्महत्या की कोशिश की थी, लेकिन उसकी जान बच गई थी. इसके बाद से वह मानसिक तनाव में था. शुक्रवार दोपहर मोनू ने फिर जहरीला पदार्थ खा लिया.
After the death of his girlfriend, the accused lover also committed suicide by consuming poison.

प्रेमिका की मौत के बाद आरोपी प्रेमी ने भी जहर खाकर जान दे दी.

Input- निशांत तिवारी

MP News: मध्य प्रदेश के दतिया जिले के भांडेर थाना क्षेत्र से एक प्रेम प्रसंग का मामला अब दो मौतों के बाद और भी संवेदनशील बन गया है. पहले प्रेमिका ने फांसी लगाकर आत्महत्या की, और अब 47 दिन बाद उसके कथित प्रेमी ने भी जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी. लेकिन मृतक प्रेमी के पास से मिले सुसाइड नोट ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है.

पुलिस ने दर्ज किया था हत्या के लिए उकसाने का मामला

दतिया के भानडेर तहसील के ग्राम तिघरा खिरिया में प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला दुखद अंत तक पहुंच गया. 45 वर्षीय ममता दोहरे ने 3 अप्रैल की रात घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी. घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी. परिजनों के अनुसार ममता का भांडेर के ठाकुरास मोहल्ला निवासी मोनू सेंगर से लंबे समय से प्रेम संबंध था. बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद ममता ने यह कदम उठा लिया.

महिला की मौत के बाद पुलिस ने मोनू सेंगर के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया था. इसी तनाव के चलते मोनू ने पहले भी सल्फास खाकर आत्महत्या की कोशिश की थी, लेकिन उसकी जान बच गई थी. इसके बाद से वह मानसिक तनाव में था. शुक्रवार दोपहर मोनू ने फिर जहरीला पदार्थ खा लिया. हालत बिगड़ने पर परिवार ने डायल-112 को सूचना दी. पुलिस उसे अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

सुसाइड नोट की जांच कर रही ही है पुलिस

मोनू सेंगर खेती-किसानी करता था और दो बच्चों का पिता था. उसकी मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. वहीं गांव और भांडेर क्षेत्र में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. मामले में नया मोड़ तब आया जब पुलिस को मोनू के पास से एक सुसाइड नोट मिला. नोट में उसने अरविंद सिंह राजावत को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया है. मोनू ने लिखा कि उसने अपनी जमीन बेची थी, लेकिन बदले में उसे 6 लाख रुपये नहीं मिले. फिलहाल पुलिस सुसाइड नोट की सत्यता और उसमें लिखे तथ्यों की जांच कर रही है.

आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार करने पहुंची थी पुलिस

सूत्रों के मुताबिक गुरुवार रात पुलिस मोनू को गिरफ्तार करने उसके घर पहुंची थी, लेकिन वह नहीं मिला. अगले ही दिन उसके जहर खाने की खबर सामने आ गई. इससे मामला और भी गंभीर हो गया है. भांडेर एसडीओपी पीसी यादव का कहना है कि दोनों घटनाओं को जोड़कर जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है. प्रेम प्रसंग, आत्महत्या, सुसाइड नोट और जमीन विवाद इन सबके बीच दो परिवारों की जिंदगी पूरी तरह उजड़ चुकी है.

ये भी पढे़ं: रायसेन में कुएं में पानी भरने गईं तीन आदिवासी लड़कियां डूबी, एक-दूसरे को बचाने में तीनों की मौत

ज़रूर पढ़ें