भोपाल रेल यात्रियों को होगी बड़ी परेशानी! 7 दिनों के लिए कैंसिल हुई भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस, इन ट्रेनों के बदले गए रूट्स
ट्रेन(File Image)
Bhopal News: भोपाल रेल मंडल से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ा है. उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर मंडल अंतर्गत कनकपुरा रेलवे स्टेशन पर नॉन-इंटरलॉकिंग का कार्य किया जा रहा है, जिसके चलते कुछ ट्रेनों को रद्द करना पड़ा है, जबकि कई ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है.
भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस के 7 फेरे निरस्त
इसी क्रम में भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस के कुल 7 फेरे निरस्त कर दिए गए हैं. यह ट्रेन 2 मई से 14 मई के बीच निर्धारित तिथियों पर नहीं चलेगी, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है. गाड़ी संख्या 14814 भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस 3, 4, 5, 8, 12, 13 और 14 मई को भोपाल स्टेशन से प्रस्थान नहीं करेगी. वहीं गाड़ी संख्या 14813 जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस 2, 3, 4, 7, 11, 12 और 13 मई को जोधपुर से निरस्त रहेगी.
ये ट्रेनें भी होगी प्रभावित
इसके अलावा वलसाड-मुजफ्फरपुर, गोरखपुर-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस, छपरा-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस, ताप्ती गंगा-सूरत एक्सप्रेस, इंदौर-पटना एक्सप्रेस और लोकमान्य तिलक-अयोध्या कैंट एक्सप्रेस जैसी कई ट्रेनें भी इस काम के चलते प्रभावित रहेंगी और इनके मार्ग में बदलाव किया गया है.
यार्ड रिमॉडलिंग का हाेगा कार्य
रेलवे अधिकारियों के अनुसार 4 मई से 27 मई तक यार्ड रिमॉडलिंग का कार्य जारी रहेगा, जिसके कारण भोपाल मंडल से होकर गुजरने वाली करीब 10 ट्रेनों के रूट में परिवर्तन किया गया है. यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य ले लें. इसके लिए यात्री आईआरसीटीसी की वेबसाइट या 139 हेल्पलाइन के माध्यम से ट्रेन की लाइव स्थिति जांच सकते हैं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो.
यात्रियों को वैकल्पिक योजना बनानी होगी
हालांकि ट्रेनों के निरस्तीकरण और मार्ग परिवर्तन के चलते यात्रियों को कुछ समय तक दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है. ऐसे में यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्थाओं के साथ अपनी यात्रा की योजना बनानी होगी.
ये भी पढे़ं- Indian Railway News: ट्रेन टिकट के साथ मिलती हैं ये फ्री सुविधाएं, क्या आपने कभी इनका लाभ उठाया, जानिए