Bhopal: ‘जनता को RO लगाने की जरूरत नहीं…’, फिल्टर प्लांट के निरीक्षण पर बोलीं महापौर मालती राय
महापौर ने किया वाटर प्लांट का निरीक्षण
Bhopal News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में विधानसभा के सामने स्थित नगर निगम के फिल्टर प्लांट का मंगलवार को महापौर मालती राय ने निरीक्षण किया. इस दौरान उनके साथ एमआईसी सदस्य और भाजपा जिलाध्यक्ष रविंद्र यती सहित निगम के कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. निरीक्षण के दौरान प्लांट में बड़े तालाब से आने वाले पानी को शुद्ध करने और सप्लाई से पहले उसकी सफाई की पूरी प्रक्रिया को देखा गया.
पानी की गुणवत्ता की कराई जांच
महापौर ने प्लांट की लैब में पानी की गुणवत्ता की जांच भी कराई. जांच रिपोर्ट संतोषजनक मिलने के बाद उन्होंने पानी को सुरक्षित बताते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में पानी की खपत बढ़ने के कारण कई इलाकों से कम प्रेशर में सप्लाई की शिकायतें मिल रही थीं. इसी को ध्यान में रखते हुए निगम अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ पूरे सिस्टम का निरीक्षण किया गया है.
गर्मी के मौसम को दृष्टिगत रखते हुए भोपाल शहर के सभी नागरिकों को स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो तथा जल आपूर्ति व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित होती रहे, इस उद्देश्य से आज महापौर @MALTIRAIBJP जी के साथ नगर निगम के नई विधानसभा स्थित फिल्टर प्लांट का निरीक्षण किया। pic.twitter.com/IZic0l7GZM
— Ravindra Yati (@BjpRavindrayati) May 26, 2026
RO लगाने की जरूरत नहीं
उन्होंने कहा कि बड़े तालाब से आने वाले रॉ वॉटर को आधुनिक प्रक्रिया से फिल्टर कर शहर के कई हिस्सों में पहुंचाया जाता है. कुछ इलाकों से पानी की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें सामने आई थीं, इसलिए मौके पर पहुंचकर पूरी व्यवस्था को परखा गया. निरीक्षण के बाद महापौर ने दावा किया कि जिन क्षेत्रों में बड़े तालाब का पानी सप्लाई हो रहा है, वहां लोगों को आरओ लगाने की जरूरत नहीं है क्योंकि निगम की ओर से साफ और शुद्ध पानी उपलब्ध कराया जा रहा है.
अधिकारियों ने पीकर दिखाया पानी
निरीक्षण के दौरान अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी पानी की टेस्टिंग प्रक्रिया देखी. लैब में जांच के बाद पानी के सैंपल को महापौर की मौजूदगी में भाजपा जिलाध्यक्ष रविंद्र यती और अधीक्षण यंत्री उदित गर्ग ने पीकर उसकी गुणवत्ता पर भरोसा जताया.
चार स्रोतों से होती है जलापूर्ति
भोपाल शहर में फिलहाल चार अलग-अलग स्रोतों से पानी की सप्लाई की जाती है. शहर के अधिकांश हिस्सों में कोलार डैम का पानी पहुंचाया जाता है, जबकि कोलार रोड क्षेत्र की कॉलोनियों में केरवा डैम से जलापूर्ति होती है. लालघाटी और कोहेफिजा जैसे इलाकों में बड़े तालाब का पानी सप्लाई किया जाता है. वहीं होशंगाबाद रोड और आसपास की कॉलोनियों में नर्मदा नदी का पानी पहुंचाया जाता है.