भोपाल में एक साथ 5 मौतों से हड़कंप, 4 लोगों की हत्या करने के बाद युवक ने किया सुसाइड
छोला थाना मंदिर (File Photo)
Bhopal Four Murders Suicide: भोपाल में सामूहिक हत्या और खुदकुशी की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र के मालीखेड़ी इलाके में रहने वाले एक कैटरिंग कारोबारी का शव रेलवे ट्रैक पर मिला, जबकि उसके घर में मां, पत्नी और दो मासूम बच्चों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. शुरुआती पुलिस जांच में आशंका जताई जा रही है कि कारोबारी नरेंद्र साहू (35) ने पहले अपने परिवार के चार सदस्यों की हत्या की और इसके बाद घर से करीब 500 मीटर दूर रेलवे ट्रैक पर पहुंचकर ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी. पुलिस को शुरुआती जांच में परिवार के सदस्यों की हत्या धारदार हथियार से गला रेतकर किए जाने के साक्ष्य मिले हैं.
मृतकों की पहचान नरेंद्र साहू की मां सरस्वती साहू (50), पत्नी सोमलता साहू (29), बेटी कृति साहू (10) और बेटे खुश साहू (6) के रूप में हुई है. परिवार मालीखेड़ी इलाके में किराए के मकान में रह रहा था. घटना का खुलासा उस समय हुआ, जब सोमवार सुबह रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली. पुलिस ने शव की पहचान नरेंद्र साहू के रूप में की. इसके बाद जब पुलिस उसके घर पहुंची तो वहां परिवार के चार सदस्यों के शव मिले. एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत की खबर से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया.
40 लाख रुपये के कर्ज में डूबा था कारोबारी
पुलिस की शुरुआती जांच में घटना के पीछे आर्थिक परेशानी और भारी कर्ज की बात सामने आई है. जानकारी के मुताबिक नरेंद्र साहू कैटरिंग के साथ टैक्सी और रेस्टोरेंट का कारोबार भी करता था. कारोबार में लगातार नुकसान होने के कारण उसकी आर्थिक स्थिति खराब हो गई थी. कुछ समय पहले उसका रेस्टोरेंट भी बंद हो गया था. परिजनों के मुताबिक नरेंद्र पर करीब 40 लाख रुपये का कर्ज था. कर्ज चुकाने के लिए वह खेजड़ा इलाके में स्थित अपना मकान भी बेच चुका था, लेकिन इसके बावजूद आर्थिक संकट से बाहर नहीं निकल पाया.
बताया जा रहा है कि पिछले करीब 15 दिनों से परिवार आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था. नरेंद्र ने किन लोगों से कर्ज लिया था और उस पर कर्ज चुकाने का कितना दबाव था, पुलिस इसकी जानकारी जुटा रही है. सूदखोरों की प्रताड़ना या किसी तरह की धमकी मिलने की आशंका को भी जांच के दायरे में रखा गया है.
पुलिस जांच में जुटी, परिजनों के बयान होंगे अहम
पुलिस शुरुआती परिस्थितियों के आधार पर नरेंद्र द्वारा ही परिवार के सदस्यों की हत्या किए जाने की आशंका जता रही है. हालांकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी. पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है. परिजनों के बयान भी दर्ज किए जाने हैं.
ये भी पढ़ेंः देवास TI हत्याकांड: CM मोहन यादव ने किया 1 करोड़ की सहायता राशि का ऐलान, पत्नी को मिलेगी SI पद पर नौकरी
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि 40 लाख रुपये का कर्ज किन लोगों से लिया गया था, कारोबार में नुकसान की वास्तविक स्थिति क्या थी और क्या नरेंद्र पर किसी तरह का बाहरी दबाव था. पांच लोगों की मौत से परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. डीसीपी जोन 4 आदर्श कांत शुक्ला ने बताया कि हमने परिजनों से बात की है. परिजनों के बयान के आधार पर हम शुरुआती पहलुओं पर जांच कर रहे हैं लेकिन नरेंद्र साहू पर कितना कर्जा था. इस पर जांच अभी होनी बाकी है मामले का खुलासा जल्द ही कर दिया जाएगा.