MP News: भाजपा ने की तीसरी राज्यसभा सीट पर उम्मीदवार की घोषणा, महेश केवट को बनाया प्रत्याशी, आज करेंगे नामांकन

MP News: मध्य प्रदेश से राज्यसभा की तीसरी सीट के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने प्रत्याशी के नाम का ऐलान कर दिया है.
BJP candidate Mahesh Kevat

भाजपा उम्मीदवार महेश केवट

MP News: मध्य प्रदेश से राज्यसभा की तीसरी सीट के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने प्रत्याशी के नाम का ऐलान कर दिया है. पार्टी ने मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास बोर्ड के अध्यक्ष महेश केवट को उम्मीदवार बनाया है.

निवाड़ी जिले से आने वाले महेश केवट के नाम की घोषणा के साथ ही यह स्पष्ट हो गया है कि तीसरी सीट पर अब निर्विरोध निर्वाचन नहीं होगा और चुनावी मुकाबला देखने को मिलेगा. भाजपा ने तीसरी सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन के सामने महेश केवट को उम्मीदवार बनाकर चुनाव को दिलचस्‍प बना दिया है.

आज दाखिल करेंगे नामांकन

बुंदेलखंड क्षेत्र के निवाड़ी निवासी महेश केवट लंबे समय से राजनीति और संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं. वे केवट समाज का प्रतिनिधित्व करते हैं और क्षेत्रीय स्तर पर उनकी पहचान एक सक्रिय नेता के रूप में रही है. 8 जून सोमवार को वे राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे. भाजपा द्वारा उन्हें उम्मीदवार बनाए जाने के बाद प्रदेश की राजनीति में उनके कद को बड़ा विस्तार मिलने की चर्चा शुरू हो गई है.

मुख्यमंत्री निवास में हुई अहम बैठक

राज्यसभा चुनाव को लेकर रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई, जो देर रात तक चली. बैठक में तीसरी सीट पर चुनाव लड़ने की रणनीति पर चर्चा की गई और संभावित उम्मीदवारों के कई नामों पर विचार किया गया. पार्टी नेतृत्व ने ओबीसी, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और आदिवासी महिला वर्ग से उम्मीदवार उतारने के विकल्पों पर मंथन किया.

महेश केवट के नाम पर बनी सहमति

विस्तृत विचार-विमर्श के बाद अंततः महेश केवट के नाम पर सहमति बनी और देर रात उनके नाम की आधिकारिक घोषणा कर दी गई. बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल और प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे.

ये भी पढे़ं- भाजपा ने की राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की घो‍षणा, तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल को बनाया प्रत्याशी

ज़रूर पढ़ें