क्लीन एंड ग्रीन सिंहस्थ का रोडमैप तैयार, 2,801 करोड़ के 33 विकास कार्यों को मंजूरी, 2027 तक पूरा होगा काम
फाइल फोटो
भोपाल: सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को लेकर मध्य प्रदेश सरकार ने काम तेज कर दिए हैं. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को मंत्रालय में हुई सिंहस्थ के लिए गठित मंत्रिमंडलीय समिति की सातवीं बैठक में 2801 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत के 33 प्रस्तावित कार्यों को मंजूरी दी गई. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सिंहस्थ से जुड़े सभी निर्माण और व्यवस्थाओं के काम हर हाल में वर्ष 2027 के अंत तक पूरे कर लिए जाएं. इस बार सिंहस्थ का आयोजन क्लीन एंड ग्रीन थीम पर किया जाएगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में शामिल सिंहस्थ के प्रबंधन में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए. इसके लिए हर महीने मंत्रिमंडलीय समिति की बैठक आयोजित कर निर्माणाधीन और प्रक्रियाधीन कार्यों की समीक्षा की जाएगी. क्षिप्रा नदी के सभी घाटों तक पहुंचने के लिए पक्के रास्ते बनाने के निर्देश भी दिए गए हैं.
बैठक में पर्यवेक्षण समिति की नौवीं और दसवीं बैठकों में अनुशंसित 33 कार्यों को मंजूरी के लिए प्रस्तुत किया गया था. इनमें 16 कार्य 1457.04 करोड़ और 17 कार्य 1344.71 करोड़ रुपये के हैं. ये कार्य बिजली, स्वच्छता, स्वास्थ्य, अग्निशमन, यातायात, आवास, अस्थायी अधोसंरचना और सुरक्षा से जुड़े हैं.
बिजली और स्वच्छता पर बड़ा निवेश
सिंहस्थ के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए 387.99 करोड़ रुपये की कार्ययोजना तैयार की गई है. इसमें पांच अस्थायी बिजली उपकेंद्र, 45 किलोमीटर 33 केवी लाइन, 200 किलोमीटर 11 केवी लाइन और 550 किलोमीटर एलटी लाइन बिछाने का प्रस्ताव है. साधु-संतों के शिविरों और संस्थानों को करीब 4500 बिजली कनेक्शन दिए जाएंगे. आपात स्थिति में बिजली व्यवस्था बनाए रखने के लिए 250 जनरेटर और 250 मोबाइल लाइट टावर लगाए जाएंगे. शहर और मेला क्षेत्र में अस्थायी स्ट्रीट लाइटिंग पर भी 113.03 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.
स्वच्छता व्यवस्था के लिए 393.53 करोड़ रुपये का प्रस्ताव है. करीब 2584 हेक्टेयर मेला क्षेत्र में 8169 स्वच्छता सेट बनाए जाएंगे. इनमें लगभग 1.19 लाख शौचालय, 23,200 स्नानघर और 31,600 मूत्रालय शामिल हैं. प्रमुख स्नान पर्वों पर प्रतिदिन करीब 2500 टन कचरा निकलने का अनुमान है. इसके प्रबंधन के लिए रोजाना 13 हजार सफाईकर्मियों की तैनाती प्रस्तावित है. क्षिप्रा नदी के जल की गुणवत्ता सुधारने के लिए उपचार और निगरानी की व्यवस्था भी की जाएगी.
स्वास्थ्य और सुरक्षा के होंगे पुख्ता इंतजाम
श्रद्धालुओं के उपचार के लिए 27.78 करोड़ रुपये और अग्निशमन सेवाओं के लिए 18.23 करोड़ रुपये का प्रस्ताव रखा गया है. होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा और आपदा प्रबंधन के लिए 155.08 करोड़ रुपये की योजना बनाई गई है. सिंहस्थ 2016 की तुलना में इस बार होमगार्ड की संख्या 8 हजार से बढ़ाकर 11,500 और नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों की संख्या 4 हजार से बढ़ाकर 10 हजार करने का प्रस्ताव है. पुलिस विभाग ने सुरक्षा उपकरणों, वाहनों, यातायात और भीड़ प्रबंधन के लिए भी बड़े प्रस्ताव रखे हैं. ड्रोन और एंटी-ड्रोन तकनीक से निगरानी की जाएगी.
सड़क, पार्किंग और पर्यटन पर भी फोकस
मेला क्षेत्र में 122 किलोमीटर अस्थायी सड़कें, घाटों तक 17 किलोमीटर पाथ-वे और पार्किंग व सर्विस क्षेत्र विकसित किए जाएंगे. घाटों, अखाड़ों और पार्किंग स्थलों के बीच 2000 बसों के संचालन का प्रस्ताव है. रामघाट जाने और लौटने वाले श्रद्धालुओं के रास्ते अलग करने के लिए दानी गेट मार्ग पर छह मीटर ऊंचा एकीकृत पुल बनाने की योजना है.
उज्जैन के 147 जंक्शनों के उन्नयन और 27 स्थानों के सौंदर्यीकरण पर 100 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रस्ताव है. इसके अलावा 90 करोड़ रुपये की लागत से सिंहस्थ अनुभव केंद्र विकसित किया जाएगा. इसमें आधुनिक तकनीक के माध्यम से महाकालेश्वर, क्षिप्रा नदी, समुद्र मंथन और अखाड़ा परंपरा सहित 10 विषयों को प्रदर्शित किया जाएगा. सरकार का लक्ष्य सिंहस्थ को सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाने के साथ ऐसी स्थायी सुविधाएं विकसित करना है, जिनका लाभ आयोजन के बाद भी उज्जैन को मिलता रहे.



