उज्जैन-जावरा के बीच सफर होगा आसान, 5017 करोड़ की 4 लेन परियोजना का आज शिलान्यास
उज्जैन-जावरा ग्रीनफील्ड 4 लेन
MP News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को नागदा के श्री ऋणमुक्तेश्वर मंदिर परिसर में उज्जैन-जावरा 4 लेन ग्रीनफील्ड हाईवे परियोजना का शिलान्यास करेंगे. तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 2 बजे नागदा हेलीपैड पहुंचेंगे और इसके दस मिनट बाद कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर परियोजना की आधारशिला रखेंगे. इस दौरान वे विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण भी करेंगे और हितग्राहियों को हेलमेट वितरित करेंगे.
5017 करोड़ की लागत से बनेगा हाईवे
करीब 5017 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह ग्रीनफील्ड हाईवे मध्य प्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (MPRDC) द्वारा हाइब्रिड एन्युटी मोड (HAM) के तहत विकसित किया जाएगा. लगभग 98.73 किलोमीटर लंबा यह मार्ग उज्जैन जिले के मंगरोला गांव से शुरू होकर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के 8 लेन इंटरचेंज से जुड़ते हुए जावरा में होटल जोयो के पास समाप्त होगा. इस चार लेन हाईवे के दोनों ओर पेव्ड शोल्डर्स भी बनाए जाएंगे, जिससे यातायात अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक होगा.
आवागमन के साथ उद्योगों को मिलेगा फायदा
परियोजना पूरी होने के बाद उज्जैन, नागदा, जावरा और रतलाम के बीच यात्रा का समय घटने की उम्मीद है. इसके साथ ही उज्जैन को दिल्ली-मुंबई औद्योगिक कॉरिडोर (DMIC) और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से सीधा संपर्क मिलने से औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा.
सिंहस्थ-2028 के लिए होगी बड़ी सुविधा
सरकार का मानना है कि सिंहस्थ-2028 के दौरान बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं और वाहनों के सुचारु आवागमन में यह हाईवे अहम भूमिका निभाएगा. आधुनिक सड़क सुरक्षा सुविधाओं और स्मार्ट ट्रैफिक प्रबंधन व्यवस्था से लैस यह मार्ग यात्रा को अधिक सुरक्षित और आसान बनाएगा.
लॉजिस्टिक्स और कृषि क्षेत्र को भी मिलेगा लाभ
इसके अलावा, इस परियोजना से क्षेत्र का लॉजिस्टिक्स नेटवर्क मजबूत होने, उद्योगों में निवेश बढ़ने और कृषि उत्पादों के परिवहन को गति मिलने की संभावना है. सरकार के अनुसार माल ढुलाई में लगने वाला समय कम होगा, जिससे उज्जैन संभाग की आर्थिक गतिविधियों को भी नया विस्तार मिलेगा.
ये भी पढे़ं- MP News: मध्य प्रदेश में 40 नए सरकारी बस रूट तय, ई-टिकट और लाइव ट्रैकिंग जैसी सुविधाओं से होगा सफर आसान