Bhopal: मऊगंज विधायक के सरकारी आवास पर चोरों ने किया हाथ साफ, अलमारी तोड़कर ले गए लैपटॉप और नकदी

Bhopal News: बदमाश विधायक के निजी सहायक (पीए) का लैपटॉप, नकदी, एटीएम कार्ड, पेन ड्राइव, घड़ी और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज लेकर फरार हो गए.
MLA Pradeep Patel

विधायक प्रदीप पटेल

Bhopal News: भोपाल के अरेरा हिल्स थाना क्षेत्र स्थित मऊगंज विधायक प्रदीप पटेल के सरकारी आवास में चोरी का मामला सामने आया है. बदमाश विधायक के निजी सहायक (पीए) का लैपटॉप, नकदी, एटीएम कार्ड, पेन ड्राइव, घड़ी और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज लेकर फरार हो गए. घटना 7 जून की बताई जा रही है, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

भोपाल पहुंचकर रेस्ट हाउस में ठहरे थे पीए

पीए डॉ. रामानंद पटेल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे 7 जून को मऊगंज से भोपाल पहुंचे थे और विधायक विश्राम गृह के खंड-3 स्थित कमरा नंबर 74 में ठहरे हुए थे. उन्होंने बताया कि सुबह करीब 10:30 बजे वे कमरे को बाहर से बंद कर पानी लेने गए थे. इसके बाद वे अपने एक सहयोगी से मिलने कमरा नंबर 39 में चले गए और वहीं कुछ समय तक बातचीत करते रहे.

दो घंटे बाद लौटे तो गायब मिला लैपटॉप

करीब दो घंटे बाद दोपहर 12:30 बजे जब वे वापस अपने कमरे में लौटे तो लैपटॉप गायब मिला. जांच करने पर पता चला कि कमरे में रखी अलमारी का ताला भी टूटा हुआ था. चोरी हुए लैपटॉप की कीमत लगभग 25 हजार रुपये बताई गई है.

विधानसभा से जुड़ा महत्वपूर्ण डेटा भी चोरी

डॉ. पटेल के अनुसार, अलमारी में रखे बैग से पेन ड्राइव, दो एटीएम कार्ड, नकदी, टाइटन/टाइमेक्स की घड़ी और विधानसभा से संबंधित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी चोरी हो गए. उन्होंने बताया कि लैपटॉप और पेन ड्राइव में विधानसभा कार्य से जुड़ा जरूरी डेटा मौजूद था.

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

दिनदहाड़े विधायकों के आवास वाले सुरक्षित माने जाने वाले क्षेत्र में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. आखिर इतनी संवेदनशील कॉलोनी में चोरों ने वारदात को कैसे अंजाम दिया, इसे लेकर चर्चा तेज हो गई है.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

शिकायत मिलने के बाद अरेरा हिल्स थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है और संदिग्धों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास में जुटी हुई है.

ये भी पढे़ं- पेट्रोल-डीजल बचत की अपील का मऊगंज में असर, विधायक प्रदीप पटेल ने छोड़ी स्कॉर्पियो, अब बस से कर रहे जनसंपर्क

ज़रूर पढ़ें