हरदीप सिंह पुरी से ज्यादा अमीर हैं उनकी पत्नी, स्विट्जरलैंड में भी है प्रॉपर्टी
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और उनकी पत्नी लक्ष्मी पुरी
Hardeep Singh Puri Asset: केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और उनकी पत्नी लक्ष्मी पुरी की संपत्ति का ब्योरा सामने आया है. मध्य प्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवार बनाए गए हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को अपना नामांकन दाखिल किया. नामांकन के साथ प्रस्तुत हलफनामे में उनकी और पत्नी की संपत्ति, आय और विदेश में मौजूद संपत्तियों का विवरण दिया गया है. हलफनामे के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री की तुलना में उनकी पत्नी लक्ष्मी पुरी के नाम अधिक संपत्ति दर्ज है. पत्नी के नाम स्विट्जरलैंड में भी संपत्ति होने का उल्लेख किया गया है.
हलफनामे के अनुसार, हरदीप सिंह पुरी के पास कुल 6.54 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और करीब 20 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है. वहीं, उनकी पत्नी लक्ष्मी पुरी के पास 10.66 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और करीब 9 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति बताई गई है. इस तरह चल संपत्ति के मामले में पत्नी की संपत्ति केंद्रीय मंत्री से अधिक है.
पांच साल में आय में बढ़ोतरी
हलफनामे में हरदीप सिंह पुरी की सालाना आय का विवरण भी दिया गया है. इसके मुताबिक, उनकी सालाना आय पिछले पांच वर्षों में 63.26 लाख रुपये से बढ़कर 75.57 लाख रुपये हो गई है. वहीं, आय के अन्य वर्षों के ब्योरे में भी लगातार बढ़ोतरी दिखाई गई है. वर्ष 2021-22 में 15 लाख 39 हजार 750 रुपये, 2022-23 में 1 करोड़ 2 लाख 50 हजार 39 रुपये, 2023-24 में 1 करोड़ 7 लाख 91 हजार 500 रुपये, 2024-25 में 1 करोड़ 61 लाख 18 हजार 490 रुपये और 2025-26 में 1 करोड़ 69 लाख 77 हजार 960 रुपये की आय दर्ज की गई है.
ये भी पढ़ें: हरदीप सिंह पुरी ने भरा नामांकन, CM मोहन यादव रहे मौजूद, 12 नवंबर को होगा राज्यसभा उपचुनाव
विदेशी मुद्रा और संपत्ति का भी ब्योरा
लक्ष्मी पुरी की संपत्ति के विवरण में करीब 30 लाख स्विस फ्रैंक और 2 लाख 90 हजार 650 अमेरिकी डॉलर का भी उल्लेख है. इसके अलावा दिल्ली स्थित संपत्ति से मिलने वाला किराया, पेंशन और बैंक जमा पर मिलने वाला ब्याज भी आय के स्रोतों में शामिल बताया गया है.राज्यसभा उपचुनाव के लिए दाखिल नामांकन के साथ सामने आए इस हलफनामे ने केंद्रीय मंत्री और उनकी पत्नी की संपत्ति के अंतर को चर्चा में ला दिया है. खासतौर पर पत्नी के नाम विदेशी संपत्ति और चल संपत्ति सुर्खियों में है.