Jabalpur Bargi Dam Incident: CM मोहन यादव ने हादसे पर गहरा दुख जताया, मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की आर्थिक मदद का ऐलान
बरगी डैम में डूबता क्रूज.
Jabalpur Bargi Dam Incident: मध्य प्रदेश के जबलपुर के बरगी डैम में क्रूज डूबने से अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है. 15 लोगों को रेस्क्यू किया जा चुका है. जबकि बाकी लोगों की तलाश जारी है. क्रूज में कुल 29 लोग सवार थे. वहीं हादसे में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने गहरा दुख व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये आर्थिक मदद का ऐलान किया है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है. प्रभावित व्यक्तियों और परिवारों को हर संभव सहायता सुनिश्चित की जा रही है.
मंत्री राकेश सिंह, धर्मेंद्र सिंह लोधी को मौके पर पहुंचने के निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर ट्वीट करते हुए लिखा, ‘आज जबलपुर में तेज आंधी-तूफान के कारण बरगी डैम में हुए दुखद क्रूज हादसे को लेकर स्थानीय प्रशासन एवं रेस्क्यू फोर्स का ऑपरेशन लगातार जारी है. लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, संभाग प्रभारी एसीएस, एडीजी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं. त्वरित बचाव कार्य से 15 नागरिकों को सकुशल बचा लिया गया है. जो लापता हैं, उन्हें जल्द से जल्द ढूंढने का प्रयास किया जा रहा है. संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार पूर्ण संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता सुनिश्चित की जा रही है.’
आज जबलपुर में तेज आंधी-तूफान के कारण बरगी डैम में हुए दुखद क्रूज हादसे को लेकर स्थानीय प्रशासन एवं रेस्क्यू फोर्स का ऑपरेशन लगातार जारी है।
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) April 30, 2026
लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह जी, पर्यटन मंत्री श्री धर्मेंद्र सिंह लोधी जी, संभाग प्रभारी एसीएस, एडीजी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को…
मंत्री राकेश सिंह बोले- दिल्ली से जबलपुर रवाना हो चुका हूं
कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह ट्वीट करके लिखा, ‘जबलपुर के बरगी डैम में खमरिया टापू के पास पर्यटकों से भरे क्रूज के डूबने की अत्यंत दुखद सूचना मिली है. कलेक्टर समेत स्थानीय प्रशासन से चर्चा कर राहत और बचाव कार्य संबंधी आवश्यक निर्देश दिए हैं. मैं स्वयं भी नई दिल्ली से जबलपुर एयरपोर्ट पहुंचते ही घटना स्थल के लिए रवाना हो चुका हूं. एसडीआरएफ की टीम भी रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए मौके पर पहुंच चुकी है. इस मुश्किल घड़ी में हम सभी प्रभावित परिजनों के साथ हैं.
ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोक संतप्त परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें.
जबलपुर के बरगी डैम में खमरिया टापू के पास पर्यटकों से भरे क्रूज के डूबने की अत्यंत दु:खद सूचना मिली है। कलेक्टर समेत स्थानीय प्रशासन से चर्चा कर राहत और बचाव कार्य संबंधी आवश्यक निर्देश दिए हैं। मैं स्वयं भी नई दिल्ली से जबलपुर एयरपोर्ट पहुंचते ही घटना स्थल के लिए रवाना हो चुका…
— Rakesh Singh (@MPRakeshSingh) April 30, 2026
पटवारी बोले- हादसा सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है
वहीं हादसे पर मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. पटवारी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा, ‘जबलपुर के बर्गी डैम में क्रूज पलटने से 4 लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद और हृदयविदारक है. यह सिर्फ एक हादसा नहीं, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है. जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय होना आवश्यक है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. मैं ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं, शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं.
जबलपुर के बर्गी डैम में क्रूज पलटने से 4 लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद और हृदयविदारक है।
— Jitendra (Jitu) Patwari (@jitupatwari) April 30, 2026
यह सिर्फ एक हादसा नहीं, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय होना आवश्यक है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
मैं ईश्वर से दिवंगत…
ये भी पढ़ें: MP में भीषण गर्मी से राहत, कई जिलों में बारिश के साथ ओले गिरे; किसानों की परेशानी बढ़ी