MP News: हाई कोर्ट के स्टे के बाद भी सदर बाजार में दबंगों का मल्टी निर्माण कार्य जारी, प्रशासन की समझाइश भी दिख रही बेअसर
निर्माण कार्य को रोकती प्रशासन की टीम
रिपोर्ट – मनोज शर्मा
MP News: मुरैना शहर के सदर बाजार स्थित झंडा चौक के सामने बन रही एक मल्टी का निर्माण कार्य हाई कोर्ट के स्टे आदेश के बावजूद लगातार जारी रहने का मामला सामने आया है. आरोप है कि रसूखदार और दबंग लोग कानून को चुनौती देते हुए खुलेआम निर्माण करा रहे हैं.
हाई कोर्ट में दायर की याचिका
जानकारी के अनुसार, उक्त भूमि को लेकर देवीराम उपाध्याय द्वारा मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ग्वालियर में रिट याचिका क्रमांक 11334/2026 दायर की गई थी. मामले की सुनवाई के बाद हाई कोर्ट ने दिनांक 08 अप्रैल 2026 को अंतरिम आदेश जारी करते हुए 25 फरवरी 2026 के आदेश के प्रभाव और क्रियान्वयन पर अगली सुनवाई तक रोक लगा दी थी.
स्टे के बाद भी निर्माण कार्य जारी
इसके बावजूद सदर बाजार में निर्माण कार्य लगातार जारी रहने से स्थानीय लोगों में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है. बताया जा रहा है कि जब डिप्टी कलेक्टर उमेश स्वास्थ्य और तहसीलदार ज्योति लक्ष्यकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान मौके पर पहुंचे, तब उन्हें हाई कोर्ट के स्टे आदेश के बावजूद निर्माण जारी रहने की जानकारी मिली. अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों को समझाइश देकर निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए, लेकिन आरोप है कि दबंगों ने प्रशासनिक निर्देशों को भी नजरअंदाज कर दिया.
स्टे के बाद निर्माण पर कार्य पर खड़े हो रहे सवाल
अब सवाल यह खड़ा हो रहा है कि आखिर हाई कोर्ट के आदेश के बाद भी निर्माण कार्य कैसे जारी है? क्या रसूखदार लोगों के सामने कानून के नियम सिर्फ कागजों तक सीमित रह गए हैं, या प्रशासन इस मामले में सख्त कार्रवाई करेगा? मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और लोग प्रशासन की अगली कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं.
ये भी पढे़ं- MP News: मुरैना में अतिक्रमण पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, तहसीलदार और ठेला व्यापारियों के बीच बहस के बाद हटाए ठेले