मोबाइल रिचार्ज नहीं कराया तो युवती ने लगा ली फांसी, 3 महीने पहले हुई थी शादी, ग्वालियर से सामने आया सनसनीखेज मामला
सांकेतिक तस्वीर.
MP News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. मुरार थाना क्षेत्र में 23 वर्षीय नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना बुधवार (20 मई) हुरावली लिंक रोड स्थित गेरू वाला बंगला के पास की बताई जा रही है. परिजन उसे तत्काल जयारोग्य अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
क्या है पूरा मामला?
महिला की शादी महज तीन महीने पहले हुई थी. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार मृतका मेघा उर्फ ज्योति की शादी 10 फरवरी पिंटो पार्क कुंज विहार कॉलोनी निवासी सिद्धार्थ कांदिल के साथ हुई थी. शादी के बाद वह ससुराल से मायके आ गई थी और तभी से वहीं रह रही थी. बताया जा रहा है कि घटना से पहले मोबाइल रिचार्ज को लेकर विवाद हुआ था, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
घटना के समय मृतका के पिता रिश्तेदारी में गमी कार्यक्रम में गए हुए थे. घर में मौजूद मां गीता जब कमरे में पहुंचीं तो बेटी को फंदे पर लटका देखा. परिजन तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
पुलिस को नहीं मिला सुसाइड नोट
सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और कमरे की जांच की. मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है. इसके चलते आत्महत्या के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है. पुलिस ने मृतका का मोबाइल जब्त कर लिया है. कॉल डिटेल और चैट की जांच की जा रही है ताकि घटना से जुड़े कारणों का पता लगाया जा सके. पुलिस का कहना है कि मायके और ससुराल पक्ष के बयान दर्ज किए जाएंगे. फिलहाल किसी प्रकार की प्रताड़ना की शिकायत सामने नहीं आई है.
ये भी पढ़ें: धार्मिक गीत पर झूमती दिखीं ट्विशा, नया Video वायरल; दोबारा पोस्टमार्टम के लिए हाई कोर्ट जाएगा परिवार
मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए जेएएच की मर्चुरी में रखवाया गया है. अतुल कुमार सोनी का कहना है कि मामले की जांच जारी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.