‘आप RSS से हैं, चुनाव जीतकर BJP में चले गए तो?…’, अवधेश नायक बोले- दिग्विजय सिंह ने टिकट कटने की बताई थी वजह

Datia by Election: अवधेश नायक ने कहा कि उनकी नाराजगी कांग्रेस के बड़े नेताओं से है. उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी घनश्याम सिंह या दतिया के लोगों से कोई नाराजगी नहीं है.
Congress leader Avadhesh Nayak

कांग्रेस नेता अवधेश नायक

Datia by Election: मध्य प्रदेश के दतिया उपचुनाव से पहले सियासी घमासान तेज हो गया है. तमाम राजनीतिक समीकरण बनते-बिगड़ते दिखाई दे रहे हैं. एक तरफ जहां भाजपा ने सब कुछ ठीक होने का दावा किया है, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस में भी बगावत के सुर सुनाई देने लगे हैं.

कांग्रेस नेता अवधेश नायक की सोशल मीडिया पोस्ट ने राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है. वहीं अवधेश नायक और भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी की सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर को लेकर भी विवाद छिड़ गया है. इस विवाद पर अवधेश नायक ने विस्तार न्यूज से बातचीत करते हुए कहा कि भाजपा प्रत्याशी के साथ वायरल हो रही तस्वीर केवल एक सौजन्य भेंट की है.

‘टिकट की उम्मीद नहीं थी, लेकिन आशा जरूर थी’

अवधेश नायक ने कहा कि टिकट मिलने की उम्मीद नहीं थी, लेकिन आशा जरूर थी. उन्होंने बताया कि उन्होंने और उनके समर्थकों ने लगातार मेहनत की थी. वर्ष 2023 में भी विभिन्न परिस्थितियों के कारण उनका टिकट काट दिया गया था. उस समय कमलनाथ और रणदीप सुरजेवाला ने उनसे कहा था कि अगला चुनाव उन्हें दतिया से लड़ाया जाएगा. समर्थकों को भी विश्वास था कि अगला चुनाव वही लड़ेंगे, इसलिए सभी ने पूरी मेहनत की. उन्होंने कहा कि टिकट नहीं मिलने से अच्छा तो नहीं लगा, बुरा जरूर लगा है. अब चुनाव में जनता की भावना जो होगी, उसी हिसाब से आगे का निर्णय लिया जाएगा.

‘2023 में नरोत्तम मिश्रा से नाराजगी नहीं थी’

भाजपा में दोबारा शामिल होने की अटकलों पर अवधेश नायक ने कहा कि उनकी नरोत्तम मिश्रा से कोई व्यक्तिगत नाराजगी नहीं थी. उन्होंने कहा कि नरोत्तम मिश्रा ने शत्रुता का भाव रखकर जो किया, उसी वजह से परिस्थितियां बनीं. वर्ष 2018 और उससे पहले उनके साथ कभी कोई मनमुटाव नहीं था. उनका कहना है कि गृह मंत्री बनने के बाद परिस्थितियां जरूर बदल गई थीं. उन्होंने यह भी कहा कि नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने पर उन्हें भी खेद है. जब उनका टिकट काटा गया था, तब उन्हें भी पीड़ा हुई थी और आज नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने पर उन्हें भी वही पीड़ा हो रही होगी, जो मंच पर भी दिखाई दी.

‘दतिया के लिए मेहनत हमने की, प्रत्याशी कोई और बन गया’

अवधेश नायक ने कहा कि उन्होंने, नरोत्तम मिश्रा और राजेंद्र भारती ने दतिया में लगातार मेहनत की, लेकिन सभी पार्टियों से प्रत्याशी ऐसे लोग बन गए जिन्होंने दतिया के लिए कुछ नहीं किया. उन्होंने कहा कि उनकी नरोत्तम मिश्रा के प्रति सहानुभूति है, क्योंकि मेहनत किसी और ने की और उम्मीदवार कोई और बन गया.

‘कांग्रेस नेतृत्व से नाराज हूं’

अवधेश नायक ने कहा कि उनकी नाराजगी कांग्रेस के बड़े नेताओं से है. उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी घनश्याम सिंह या दतिया के लोगों से कोई नाराजगी नहीं है. दतिया के सभी लोग उनके अपने हैं. लेकिन जिस तरह उनसे वादा किया गया और बाद में टिकट बदल दिया गया, वह ठीक नहीं हुआ. उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह हमारे पिता समान है, उन्‍होंने भले ही कल माफी मांगी हो, लेकिन साल 2023 के विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने मंच से उनके खिलाफ इसी तरह की बातें कही थीं. उस समय भी टिकट काटने का यही कारण बताया गया था. इस बार भी जब वह भोपाल में दिग्विजय सिंह से मिलने गए, तब भी एक कारण छोड़कर लगभग वही कारण उन्हें बताए गए.

दिग्विजय सिंह ने कहा – ‘आप आरएसएस के सदस्‍य

अवधेश नायक ने कहा कि दिग्विजय सिंह ने उन्हें बताया गया कि “आप RSS के सदस्य हैं. उनके अनुसार, उन्‍होंने कहा कि ऐसा ना हो आप चुनाव जीतने के बाद भाजपा में चले आओ. आपके भाजपा के नेताओं से संबंध हैं.” अवधेश नायक ने कहा कि वर्ष 2023 में टिकट काटने के पीछे जो वजह आरएसएस बताई गई थी, लगभग वही स्थिति आज भी बनी हुई है. उन्होंने सवाल उठाया कि जब आज भी उन पर भरोसा नहीं किया जा रहा, तो क्या भरोसा है कि वर्ष 2028 के चुनाव में टिकट मिलेगा. उन्होंने कहा कि गुस्सा भी है, नाराजगी भी है. अब आगे क्या होगा, यह समय बताएगा. अंत में उन्होंने कहा कि निर्णय माई करेगी और अच्छा ही कराएंगी.

ये भी पढे़ं- दतिया में बगावत की तैयारी? कांग्रेस-BJP किसके सामने आएगी नई मुसीबत, एक पोस्‍ट से मचा बवाल

ज़रूर पढ़ें