त्योहारों पर रेलवे का तोहफा, दिल्ली के लिए चलेंगी दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनें, ग्वालियर के यात्रियों को मिलेगी राहत
स्पेशल ट्रेन
Festival Special Train: त्योहारों के दौरान दिल्ली और आसपास के शहरों की ओर जाने वाले यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने दो जोड़ी विशेष ट्रेनें चलाने का फैसला किया है. इनमें एक अनारक्षित और दूसरी आरक्षित ट्रेन शामिल है. दोनों ट्रेनों का ठहराव ग्वालियर समेत झांसी मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर होगा. इससे ग्वालियर से दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों को सफर के लिए अतिरिक्त विकल्प मिल सकेगा.
झांसी-हजरत निजामुद्दीन अनारक्षित ट्रेन के छह फेरे
रेलवे के कार्यक्रम के अनुसार, झांसी से हजरत निजामुद्दीन के बीच चलने वाली अनारक्षित विशेष ट्रेन कुल छह फेरे लगाएगी. गाड़ी संख्या 01901 झांसी से 7, 8, 9, 11, 12 और 13 नवंबर को रात 7:20 बजे रवाना होगी. यह ट्रेन रात 9:15 बजे ग्वालियर पहुंचेगी और पांच मिनट के ठहराव के बाद 9:20 बजे दिल्ली के लिए रवाना होगी. ट्रेन अगले दिन सुबह 3 बजे हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पहुंचेगी.
वापसी में दोपहर एक बजे ग्वालियर पहुंचेगी ट्रेन
वापसी में गाड़ी संख्या 01902 हजरत निजामुद्दीन से 8, 9, 10, 12, 13 और 14 नवंबर को सुबह 4:25 बजे रवाना होगी. यह ट्रेन दोपहर 1 बजे ग्वालियर पहुंचेगी और दो मिनट रुकने के बाद 1:02 बजे झांसी के लिए रवाना हो जाएगी.
ललितपुर से भी चलेगी आरक्षित स्पेशल ट्रेन
इसके अलावा, ललितपुर से हजरत निजामुद्दीन के बीच एक आरक्षित विशेष ट्रेन भी चलाई जाएगी. यह ट्रेन 10 नवंबर को ललितपुर से शाम 5:10 बजे रवाना होगी और रात 9:15 बजे ग्वालियर पहुंचेगी. वापसी में 11 नवंबर को यह ट्रेन हजरत निजामुद्दीन से सुबह 4:25 बजे चलेगी और दोपहर 1 बजे ग्वालियर पहुंचेगी. इस विशेष ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे.
त्योहारों में यात्रियों को मिलेगी राहत
रेलवे के इस फैसले से त्योहारों के दौरान दिल्ली और ग्वालियर के बीच यात्रा करने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है. विशेष ट्रेनों के संचालन से नियमित ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ कम करने और अतिरिक्त यात्री भार को संभालने में मदद मिल सकती है.



