Shivpuri: कलेक्ट्रेट जनसुनवाई में पहुंचे बुजुर्ग की मौत, बेंच पर करते रह गए इंतजार, गैस कनेक्शन ट्रांसफर का देना था आवेदन

Shivpuri News: शिवपुरी कलेक्ट्रेट में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब आवेदन देने पहुंचे 70 वर्षीय बुजुर्ग की अचानक मौत हो गई.
Elderly man dies after arriving at Collectorate public hearing

कलेक्ट्रेट जनसुनवाई में पहुंचे बुजुर्ग की मौत

Shivpuri News: शिवपुरी कलेक्ट्रेट में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब आवेदन देने पहुंचे 70 वर्षीय बुजुर्ग की अचानक मौत हो गई. वह अपनी शिकायत दर्ज कराने के बाद जनसुनवाई में अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे. कुछ देर बाद उन्हें एडीएम कार्यालय के बाहर बेंच पर अचेत हालत में पाया गया. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

गैस कनेक्शन ट्रांसफर कराने पहुंचे थे

मृतक की पहचान बदरवास तहसील के ग्राम सडबूड़ निवासी बादल सिंह यादव के रूप में हुई है. वह अपनी पत्नी अतर बाई यादव के नाम उज्ज्वला योजना के तहत जारी घरेलू गैस कनेक्शन को कोलारस से बदरवास ट्रांसफर कराने की मांग लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे थे. उनके पास जिला कलेक्टर के नाम लिखा आवेदन भी मिला.

कोलारस जाने में हो रही थी परेशानी

आवेदन में बताया गया था कि परिवार का गैस कनेक्शन कोलारस का है और सिलेंडर भरवाने के लिए उन्हें बदरवास से कोलारस जाना पड़ता है. दूरी अधिक होने के कारण परिवार को परेशानी का सामना करना पड़ता है. इसी वजह से बादल सिंह ने गैस कनेक्शन को बदरवास स्थानांतरित करने की मांग की थी. आवेदन में कनेक्शन क्रमांक 7084640101 का भी उल्लेख था.

32वां नंबर मिलने के बाद बेंच पर बैठे

जानकारी के मुताबिक, बादल सिंह ने जनसुनवाई में अपनी शिकायत दर्ज करा ली थी और उन्हें 32वां नंबर मिला था. इसके बाद वह एडीएम कार्यालय के बाहर बेंच पर बैठकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे. बताया जा रहा है कि वह पहले से अस्वस्थ थे. इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेंच पर ही अचेत हो गए.

अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

बुजुर्ग को अचेत देखकर कलेक्ट्रेट परिसर में मौजूद लोगों ने अधिकारियों को सूचना दी. इसके बाद जिला अस्पताल की चिकित्सकीय टीम मौके पर पहुंची और उन्हें अस्पताल ले जाया गया. जांच के बाद डॉक्टरों ने बादल सिंह को मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना पुलिस और परिजनों को दी गई.

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौत के कारणों की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा.

ये भी पढे़ं- 40 हजार जमा करो, हर महीने 10% पाओ, लॉन्ग एशिया कंपनी ने जबलपुर के निवेशकों को लगाया करोड़ों का चूना

ज़रूर पढ़ें