Morena Rain: मुरैना में भारी बारिश से उफान पर नदी-नाले, SDRF ने रेस्क्यू कर 40 लोगों बचाया
मुरैना: SDRF ने 40 लोगों का रेस्क्यू किया
Morena Rain: (मनोज शर्मा की रिपोर्ट) मुरैना और आसपास के इलाकों में भारी बारिश का दौर जारी है. नदी-नाले उफान पर हैं. लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा है. कई इलाकों में जलभराव होने से जनजीवन प्रभावित हो गया है. राहत एवं बचाव कार्य किया जा रहा है. देवगढ़ में रविवार (6 सितंबर 2026) को 40 लोगों का SDRF ने रेस्क्यू किया.
लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया
जिले में लगातार बढ़ते नदी के जलस्तर के बीच देवगढ़ थाना क्षेत्र के काबिल गांव में पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने तत्परता दिखाते हुए बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया. नदी के आसपास रहने वाले ग्रामीणों के घरों में पानी भरने के बाद संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई थी. सूचना मिलते ही देवगढ़ थाना प्रभारी जयपाल सिंह गुर्जर अपनी पुलिस टीम और एसडीआरएफ के जवानों के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया.
इनमें महिलाएं, बच्चे, पुरुष और बुजुर्ग शामिल हैं. अचानक घरों के आसपास और भीतर पानी भर जाने से ग्रामीणों में दहशत और परेशानी का माहौल था. बताया गया है कि नदी के बढ़ते पानी के कारण गांव के निचले और नदी किनारे स्थित घरों में पानी भर गया है.
ये भी पढ़ें: Morena: बाल गृह से 14 साल का नाबालिग गायब! 48 घंटे तक पुलिस को नहीं दी सूचना, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
भारी बारिश से गिरा घर, लाखों का नुकसान
ग्रामी जीगनी में मकान अचानक भरभराकर धराशायी हो गया. मकान गिरते ही इलाके में हड़कंप मच गया. किसी व्यक्ति के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन घर में मौजूद सामान दब गया. इस हादसे में लाखों रुपये के नुकसान की खबर सामने आ रही है. पीड़ित परिवार ने प्रशासन से तत्काल मौके पर पहुंचकर नुकसान का सर्वे कराने, राहत राशि उपलब्ध कराने और रहने की व्यवस्था में मदद करने की गुहार लगाई है.