मुरैना में पुल निर्माण में लापरवाही! ग्रामीणों का आरोप – पोल भराई में मिट्टी वाली बजरी का इस्तेमाल हो रहा
मुरैना: ब्रिज बनाने में लापरवाही आई सामने
Morena News: (मुरैना से मनोज शर्मा की रिपोर्ट) पोरसा क्षेत्र के क्वारी और आसन नदी के संगम तट स्थित ग्राम तरसमां में निर्माणाधीन पुल के कार्यों को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल निर्माण में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की जा रही है और पोल भराई के कार्य में घटिया एवं मिट्टीयुक्त बजरी का उपयोग किया जा रहा है.
ग्रामीणों ने लगाए आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी द्वारा निर्धारित मानकों के विपरीत ऐसी सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है. जिससे पुल की मजबूती और गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इसकी जांच नहीं कराई गई तो भविष्य में यह पुल आमजन की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है.
इतना ही नहीं, ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि ठेकेदार द्वारा रात के समय बजरी का अवैध रूप से उत्खनन और निकासी की जा रही है. जिसका ग्रामीणों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किए. मामले को लेकर क्षेत्र में नाराजगी का माहौल है और ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
ये भी पढ़ें: मुरैना: पैसा डबल करने के लालच में बुरे फंसे निवेशक, करोड़ों रुपये लेकर संचालक रफूचक्कर
‘सरकारी धन का दुरुपयोग रोका जाए’
ग्रामीणों का कहना है कि करोड़ों रुपये की लागत से बन रहे इस पुल निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय तकनीकी जांच कराई जानी चाहिए. निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके और सरकारी धन का दुरुपयोग रोका जा सके. हालांकि, इन आरोपों की संबंधित निर्माण एजेंसी और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. प्रशासनिक जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.